नोएडा हादसा: इंजीनियर युवराज मेहता की मौत पर SIT जांच का फोनरवा ने किया स्वागत
फेडरेशन ऑफ़ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (FONRWA) ने माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी को पत्र लिखकर नोएडा में इंजीनियर युवराज मेहता की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से हुई दुखद मृत्यु के मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई का स्वागत किया है। मुख्यमंत्री द्वारा इस मामले में SIT जांच के आदेश दिए जाने को फोनरवा और नोएडा के समस्त नागरिकों ने सही दिशा में उठाया गया अहम कदम बताया है।
भूमाफियाओं और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने कहा कि नोएडा शहर यमुना के खादर क्षेत्र में बसा हुआ है, जहां जमीन के सिर्फ 5 फुट नीचे अच्छी गुणवत्ता की रेत मिल जाती है। इस रेत को भूमाफियाओं द्वारा बिल्डरों और प्राधिकरण की मिलीभगत से निकालकर महंगे दामों में बेचा जाता है। इसके बाद शहर में गहरे गड्ढे छोड़ दिए जाते हैं, जिनमें बारिश और सीवर का पानी भर जाता है। ऐसे गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं।
उन्होंने मांग की कि वर्षों से इन गड्ढों की अनदेखी करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। साथ ही जन-सुरक्षा और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए।
पूरे नोएडा में गड्ढों और जलभराव की पहचान जरूरी
फोनरवा के महासचिव के. के. जैन ने कहा कि नोएडा प्राधिकरण, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को निर्देश दिए जाएं कि सेक्टर-150 ही नहीं, बल्कि पूरे नोएडा में सड़क किनारे मौजूद गड्ढों और जलभराव वाले स्थानों की तुरंत पहचान की जाए। ऐसे स्थानों को सुरक्षित किया जाए ताकि भविष्य में कोई हादसा न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि कोहरे और रात के समय दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पर्याप्त संकेतक, स्ट्रीट लाइटिंग और बैरिकेडिंग की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए।
प्रशासन के लिए गंभीर चेतावनी
फोनरवा ने कहा कि यह घटना प्रशासन के लिए एक गंभीर चेतावनी है। यदि समय रहते ठोस और स्थायी कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में ऐसी हृदयविदारक घटनाएं दोबारा हो सकती हैं।
मुख्यमंत्री से न्याय की उम्मीद
फोनरवा और नोएडा के नागरिकों ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस मामले में कठोर फैसले लिए जाएंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।