महिला की सिरकटी लाश मामला: सिर और हथेली की तलाश में जुटी पुलिस, 400 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले

Share your love
सेक्टर-108 में बरामद हुआ था शव, पहचान अभी भी अज्ञात – 10 टीमें जांच में जुटीं

सेक्टर-108 स्थित पुलिस चौकी 82 कट के पास नाले से गुरुवार को मिली महिला की सिरकटी लाश ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। महिला की पहचान अब तक नहीं हो पाई है, जबकि पुलिस सिर और हथेली की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। शुक्रवार को पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में 400 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तीन किलोमीटर तक के इलाके में 500 से अधिक वाहनों को चिन्हित किया है।

तीन से बढ़ाकर दस टीमें की गईं तैनात

एडीसीपी सुमित कुमार शुक्ला ने बताया कि महिला की पहचान और आरोपी की तलाश के लिए शुरुआत में तीन टीमें बनाई गई थीं, लेकिन मामला गंभीर होने पर अब कुल 10 टीमें जांच में जुटी हैं।
इनमें से कुछ टीमें महिला के सिर और हथेली की तलाश कर रही हैं, जबकि अन्य टीमें आरोपी तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटा रही हैं। पुलिस को शक है कि सिर और हाथ अन्य स्थान पर फेंके गए हैं।

जंगल, नाले और पार्कों में चला तलाशी अभियान

शुक्रवार को पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के जंगलों, नालों, झाड़ियों और पार्कों में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला।
हालांकि घटनास्थल के आसपास कोई कैमरे नहीं लगे हैं, लेकिन पुलिस पास के पेट्रोल पंप और ट्रैफिक सिग्नल पर लगे कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

सोशल मीडिया से मिल रही है मदद

शव की पहचान के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया का सहारा लिया है। कई पड़ोसी जिलों की पुलिस से भी महिला की गुमशुदगी से जुड़े रिकॉर्ड मांगे गए हैं, ताकि पहचान स्थापित की जा सके।

शादीशुदा होने की आशंका, रिश्ते से जुड़ा हो सकता है मामला

पुलिस को मिले शुरुआती सुरागों से यह संकेत मिला है कि महिला शादीशुदा थी, क्योंकि उसके पैरों में बिछुए पहने मिले हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि हत्या के पीछे पति या प्रेमी का हाथ हो सकता है।
मामले की निर्ममता और बर्बरता को देखते हुए लोग कह रहे हैं कि बीते एक दशक में नोएडा जोन में किसी महिला की इस तरह से हत्या नहीं हुई।

वरिष्ठ अधिकारी खुद निगरानी में जुटे

मामले के पर्दाफाश के लिए डीसीपी, एडिशनल डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारी भी लगातार जांच में जुटे हैं। सर्च ऑपरेशन में ये अधिकारी खुद मौजूद रहे।
शव पुराना होने के कारण सड़ने लगा था, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस को उम्मीद है कि सिर और हथेली मिलने के बाद महिला की पहचान हो सकेगी — और उसी से आरोपी तक पहुंचने की राह खुलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us