लाल किला के पास कार में धमाका, 13 की मौत, दिल्ली में हाई अलर्ट
दिल्ली सोमवार शाम एक भीषण धमाके से दहल उठी। लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में हुए विस्फोट में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा शाम करीब 6:52 बजे हुआ, जब एक हुंडई i20 कार ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही कार रुकी, अचानक जोरदार धमाका हुआ और आसपास की गाड़ियाँ आग की लपटों में घिर गईं। धमाके के बाद इलाके में भगदड़ मच गई। सड़क पर खड़ी कई गाड़ियाँ जलकर राख हो गईं और चारों ओर अफरातफरी फैल गई।
दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने बताया कि “यह धमाका एक धीमी गति से चल रही कार में हुआ जो ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी थी। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा।” उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियाँ मौके पर हैं और हर पहलू से जांच की जा रही है। धमाके के तुरंत बाद पुलिस, फॉरेंसिक टीम (FSL), एनआईए (NIA) और एनएसजी (NSG) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दिल्ली फायर सर्विस ने बताया कि मौके पर 20 फायर इंजन भेजे गए और पूरे इलाके को घेर लिया गया है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और एंटी-टेरर स्क्वॉड भी जांच में जुटी हुई हैं। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह विस्फोट एक कार के भीतर हुआ, लेकिन विस्फोटक पदार्थ की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घटना के कुछ घंटे पहले हरियाणा के फरीदाबाद में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दो मकानों से लगभग 3,000 किलो विस्फोटक सामग्री बरामद की थी। इनमें 350 किलो अमोनियम नाइट्रेट भी शामिल था, जो बम बनाने में इस्तेमाल किया जा सकता है। फिलहाल पूरे दिल्ली-एनसीआर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।