कुत्ते गिनने के आदेश पर भ्रामक जानकारी फैलाने का मामला, FIR दर्ज; दिल्ली सरकार ने AAP पर लगाए आरोप

Share your love

नई दिल्ली। दिल्ली के स्कूलों में कथित तौर पर शिक्षकों से आवारा कुत्तों की गिनती कराने के दावे को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। इस मामले में भ्रामक और झूठी जानकारी फैलाने के आरोप में शुक्रवार को दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की है। यह कार्रवाई शिक्षा निदेशालय (डायरेक्टोरेट ऑफ एजुकेशन – DoE) की शिकायत पर की गई है।

शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि उसके जारी किए गए सर्कुलर में कहीं भी आवारा कुत्तों की गिनती कराने का कोई उल्लेख नहीं है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर यह दावा किया गया कि शिक्षकों को पढ़ाने के बजाय कुत्तों की गिनती का काम सौंपा गया है।

दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) और उसके राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर सीधा आरोप लगाया। सूद ने कहा कि इस मुद्दे पर जानबूझकर झूठ फैलाया गया, ताकि शिक्षकों में घबराहट पैदा की जा सके और शिक्षा विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार ने झूठे प्रचार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का फैसला किया है, जिसके तहत DoE ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिक्षा मंत्री ने बताया कि केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की थी, जिसमें दावा किया गया था कि दिल्ली के शिक्षकों से बच्चों को पढ़ाने के बजाय आवारा कुत्तों की गिनती करवाई जा रही है। इसी पोस्ट को आधार बनाकर FIR दर्ज कराई गई है।

सिविल लाइंस थाने में दी गई शिकायत में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर अज्ञात शरारती तत्व झूठी, भ्रामक और दुर्भावनापूर्ण जानकारी फैला रहे हैं। शिकायत के अनुसार, इस तरह की अफवाहों का मकसद शिक्षकों और स्कूल स्टाफ में भ्रम व डर पैदा करना, शिक्षा विभाग की साख को ठेस पहुंचाना और सरकारी संस्थानों में जनता का भरोसा कमजोर करना है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर खुद को शिक्षक बताकर आवारा कुत्तों की गिनती करते हुए वीडियो और तस्वीरें साझा कर रहे हैं। शिक्षा निदेशालय ने इन मामलों की तुरंत जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सरकार ने ऐसे सोशल मीडिया हैंडल्स की एक सूची भी पुलिस को सौंपी है, जिन पर कथित तौर पर गलत जानकारी फैलाई गई।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आशीष सूद ने AAP के चुनाव चिह्न वाला एक छोटा कार्ड भी दिखाया, जिस पर ‘विक्टिम कार्ड’ लिखा था। उन्होंने कहा कि यह आम आदमी पार्टी की राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है। सूद ने कहा, “AAP सोशल मीडिया पर अपनी ‘शूट एंड स्कूट’ राजनीति जारी रख सकती है, लेकिन सरकार कानून के दायरे में रहकर हर जरूरी कार्रवाई करेगी।”

शिक्षा मंत्री ने शिक्षा विभाग के सर्कुलर को पढ़ते हुए दोहराया कि उसमें शिक्षकों को किसी भी तरह की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपने या आवारा कुत्तों से जुड़े किसी कार्य का जिक्र नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि इस पूरे मामले में शिक्षकों की कोई भूमिका नहीं है और फैलाया गया दावा पूरी तरह झूठा और भ्रामक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us