क्रूज-शिप नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार

Share your love

Noida news

विदेशी नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी

नोएडा: देश और विदेश में क्रूज-शिप (समुद्री जहाज) पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का साइबर थाना और सेक्टर-126 थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सेक्टर-132 स्थित एक ऑफिस पर छापा मारकर चार जालसाजों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बेरोजगार युवाओं को आकर्षक वेतन, विदेशी पोस्टिंग और जल्द जॉइनिंग का लालच देकर निशाना बनाते थे।

आरोपी खुद को अधिकृत प्लेसमेंट एजेंसी बताकर पीड़ितों से रजिस्ट्रेशन फीस, मेडिकल प्रोसेसिंग और वीजा चार्ज के नाम पर एक से 1.20 लाख रुपये तक वसूल लेते थे। इसके बाद पीड़ितों के मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिए जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन लैपटॉप, सात मोबाइल फोन, चार मोहर, फर्जी जॉइनिंग लेटर और बैंक दस्तावेज बरामद किए हैं।

तीन बैंक खातों में जमा मिले करीब एक करोड़ रुपये

एडीसीपी मनीषा सिंह के अनुसार, केरल, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से कई शिकायतें एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कराई गई थीं। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने तीन बैंक खातों में ठगी की करीब एक करोड़ रुपये की रकम जमा करवाई थी, जिसे फ्रीज कर दिया गया है। आरोपी दूसरों के दस्तावेजों पर बैंक खाते खुलवाकर रकम जमा कराते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल (जालौन), प्रशांत (अलीगढ़), विशाल शर्मा (गौतमबुद्धनगर) और सैफ वारिश (कानपुर) के रूप में हुई है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है।

 सोशल मीडिया से युवाओं को फंसाते थे, पुलिस की एडवाइजरी

पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया पर वैकेंसी पोस्ट कर युवाओं को फंसाते थे और कॉलिंग डेटा के जरिए संपर्क करते थे। उनके पास से कॉलिंग डेटा शीट और रजिस्टर भी मिले हैं। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि नौकरी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट और प्रमाणित जॉब पोर्टल का उपयोग करें और किसी भी जॉब के लिए पैसे मांगने वालों से सावधान रहें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us