कलेक्ट्रेट से रवाना हुई ‘टीका मित्र वैन’, बच्चों के टीकाकरण को लेकर चलेगा जनजागरूकता अभियान

Share your love

जनपद में बच्चों के समय पर और पूर्ण टीकाकरण को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. शिवकांत द्विवेदी ने कलेक्ट्रेट परिसर से टीका मित्र वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में भ्रमण कर आम लोगों को टीकाकरण के महत्व, लाभ और समय पर टीके लगवाने की आवश्यकता के बारे में जागरूक करेगी।

टीकाकरण ही बीमारियों से बचाव का सबसे असरदार तरीका

टीका मित्र वैन के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि बच्चों को गंभीर और जानलेवा बीमारियों से बचाने का सबसे प्रभावी उपाय समय पर टीकाकरण है। अभियान के तहत विशेष रूप से 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के नियमित टीकाकरण पर जोर दिया जा रहा है। वैन पर लगे संदेशों में बताया गया है कि 5 वर्ष की आयु तक बच्चों को 7 बार टीकाकरण कराया जाना अनिवार्य है। यदि एक भी टीका छूट जाता है, तो बच्चों को कई खतरनाक बीमारियों का जोखिम हो सकता है।

12 जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा का संदेश

टीका मित्र वैन के जरिए दफ्तेरिया, टेटनस, काली खांसी, पोलियो, टीबी, खसरा, रूबेला, निमोनिया, गलाघोंटू सहित करीब 12 गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण का संदेश दिया जाएगा। इसके साथ ही वैन पर आयु के अनुसार टीकाकरण कैलेंडर भी प्रदर्शित किया गया है, जिससे अभिभावकों को यह आसानी से समझ आ सके कि किस उम्र में कौन सा टीका लगवाना जरूरी है।

सरकारी केंद्रों पर मुफ्त टीकाकरण सुविधा

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि सभी सरकारी नियमित टीकाकरण सत्रों पर निःशुल्क टीकाकरण सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि टीकाकरण के बाद मातृ एवं शिशु सुरक्षा कार्ड अवश्य प्राप्त करें और उसे सुरक्षित रखें।

अभिभावकों से समय पर टीकाकरण की अपील

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आर. के. सिरोहा ने कहा कि 0 से 5 वर्ष आयु के सभी बच्चों का नियमित और पूर्ण टीकाकरण बेहद जरूरी है। समय पर लगाए गए टीके बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव होते हैं।

हाई रिस्क क्षेत्रों में विशेष अभियान

जिला समन्वयक शिवेंद्र श्रीवास्तव और शमशाद अहमद ने बताया कि PCI, Gavi और यूनिसेफ के सहयोग से टीका मित्र वैन, ई-रिक्शा और स्ट्रीट प्ले जैसे कार्यक्रम हाई रिस्क क्षेत्रों में चलाए जा रहे हैं। इन इलाकों में टीकाकरण को लेकर झिझक, भ्रम और जानकारी की कमी पाई जाती है। इन प्रयासों से लोगों को सरल और प्रभावी तरीके से जागरूक किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us