कार पार्किंग की जगह बनाई मार्केट, हाईकोर्ट जाएंगे जेपी क्लासिक हाईट के फ्लैटधारक
noida news
नोएडा। सेक्टर-128 स्थित जेपी क्लासिक हाईट सोसाइटी में कार पार्किंग के लिए निर्धारित स्थान पर मार्केट बनाए जाने को लेकर फ्लैटधारकों में भारी नाराजगी है। रेरा में पंजीकृत नक्शे के अनुसार जिस स्थान पर गेस्ट पार्किंग होनी थी, वहां मार्केट का निर्माण कर दिया गया है। नोएडा प्राधिकरण में शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर अब फ्लैटधारकों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने का फैसला किया है।
रेरा नक्शे का उल्लंघन, पार्किंग खत्म होने से बढ़ी परेशानी
फ्लैट खरीदार आलोक सिंह राठौर ने बताया कि जेपी क्लासिक हाईट, जेपी इंफ्रा द्वारा बनाई गई एक छोटी सोसाइटी है, जिसमें कुल छह टावर हैं। फिलहाल दो टावरों में करीब 250 परिवार रह रहे हैं, जबकि चार टावर बीते तीन वर्षों से निर्माणाधीन हैं।
उन्होंने बताया कि सोसाइटी के मुख्य द्वार पर रेरा के नक्शे में गेस्ट पार्किंग के लिए जगह निर्धारित है, लेकिन बिल्डर ने वहां मार्केट बनवा दी। पहले बिल्डर ने इसे हटाने की बात मानी थी, लेकिन बाद में सुरक्षा कंपनी और तीसरी एजेंसी के जरिए मार्केट का दायरा और बढ़ा दिया गया। इससे गेस्ट पार्किंग पूरी तरह समाप्त हो गई है और आगंतुकों के वाहनों को खड़ा करने की जगह नहीं बची है।
बाहरी लोगों की आवाजाही से सुरक्षा पर खतरा
फ्लैटधारक जे.एन. पांडेय का कहना है कि मार्केट सोसाइटी के अंदर होने से बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे चोरी, लूटपाट और अन्य सुरक्षा जोखिम पैदा हो गए हैं। सोसाइटी में छोटे बच्चे पार्क में खेलते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।
नोएडा प्राधिकरण की निष्क्रियता पर नाराजगी, हाईकोर्ट जाने की तैयारी
फ्लैटधारकों ने बताया कि 11 जनवरी को तत्कालीन नोएडा सीईओ लोकेश एम से शिकायत की गई थी, जिन्होंने निरीक्षण के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए थे। लेकिन एक महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
फ्लैटधारक अविनाश वर्मा ने कहा कि वर्ष 2019 से परिवारों ने यहां रहना शुरू किया था और अब करीब 250 परिवार यहां निवास कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि मार्केट को सोसाइटी के बाहर स्थानांतरित किया जाए, ताकि पार्किंग और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित हो सके। फ्लैटधारकों का कहना है कि इसी सप्ताह हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर मार्केट निर्माण रोकने और ध्वस्तीकरण की मांग की जाएगी।