हिंदू युवक से शादी की मन्नत को लेकर मुस्लिम महिला ने चढ़ाई कांवड़
Greater noida news
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र इलाके के भाईपुर गांव में स्थित नानकेश्वर महादेव मंदिर में एक मुस्लिम महिला इस समय चर्चा का विषय बनी हुई है। दरअसल, वह हिंदू धर्म के युवक से शादी करने की खातिर महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर में जाकर कांवड़ चढ़ाई। मुस्लिम महिला अनूपशहर से जल लेकर ग्रेटर नोएडा पहुंची। जानकारी के मुताबिक, रबूपुरा कस्बे की रहने वाली ऊष्मा खान पिछले करीब 4 वर्षों से लोकेंद्र मीणा नामक युवक के साथ प्रेम संबंध में है। लोकेंद्र हिंदू समुदाय से ताल्लुक रखता है। महिला का कहना है कि वह लोकेंद्र से शादी करना चाहती है। इसी को लेकर उसने भोले बाबा से मन्नत मांगी और महाशिवरात्रि के मौके पर कांवड़ चढ़ाकर जलाभिषेक करने का संकल्प लिया।
मुस्लिम महिला बनी चर्चा का विषय
मुस्लिम महिला द्वारा मंदिर में जलाभिषेक करने के बाद वह आसपास चर्चा का विषय बनी हुई है। हिंदू संगठन से जुड़े लोग इस बात से खुशी जता रहे हैं, तो वहीं मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। ऊष्मा खान का कहना है कि यह सब उन्होंने अपनी मर्जी से किया है, इस बीच किसी का कोई दबाव नहीं है। उसने यह भी बताया कि वह लोकेंद्र से सच्चा प्यार करती है और उससे शादी करना चाहती है, जिसको लेकर उसने मन्नत मांगी थी। जलाभिषेक के दौरान मंदिर में काफी चहल-पहल देखने को मिली। लोगों की भारी भीड़ मंदिर में जुट गई। गांव के लोग हैरान थे कि आखिर एक मुस्लिम महिला सारे रीति-रिवाज छोड़कर कैसे मंदिर में पूजा-पाठ कर रही है और अनूपशहर गंगा जी से लाई कांवड़ को मंदिर में चढ़ा रही है। दिन भर गांव में लोग आपस में यही चर्चा करते रहे।
शादी की इच्छा और आस्था का संगम
मुस्लिम महिला ऊष्मा खान ने बताया कि उसके दो बच्चे हैं और वह पिछले 4 साल से लोकेंद्र के साथ रिश्ते में है। वह चाहती है कि उनका यह संबंध सामाजिक और कानूनी रूप से विवाह में बदले। इसी मनोकामना की पूर्ति के लिए उन्होंने भगवान शिव से प्रार्थना की है। उनका कहना है कि वह अपनी आस्था पर पूरा विश्वास रखती हैं और उम्मीद है कि उनकी यह मन्नत अवश्य पूरी होगी। इसके लिए वह न तो समाज की चिंता करती हैं और न ही धर्म से जुड़े लोगों की।
शांति के साथ संपन्न हुआ कार्यक्रम
महाशिवरात्रि के मौके पर मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही, लेकिन इस दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मामला दिनभर चर्चाओं में रहा। गांव में माहौल शांतिपूर्ण बना रहा। इस घटना ने एक बार फिर यह दिखा दिया है कि आस्था और व्यक्तिगत भावनाएं किसी एक धर्म की सीमाओं में बंधी नहीं हो सकतीं। महिला ने प्रेम और विश्वास के साथ कांवड़ चढ़ाई और भगवान शिव से अपने भविष्य के लिए प्रार्थना की। अब उनकी नजर अपनी मन्नत पूरी होने पर टिकी है।