दिल्ली में लूट-झपटमारी गिरोह का भंडाफोड़, नाबालिग सरगना समेत तीन गिरफ्तार

Share your love
Mediawali news, Delhi

कुछ ही घंटों में कई वारदातों से फैली थी सनसनी

दिल्ली के द्वारका साउथ इलाके में लूटपाट और झपटमारी करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग सरगना भी शामिल है। गिरोह ने कुछ ही घंटों के भीतर कई वारदातों को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी थी।

सीसीटीवी और तकनीकी सर्विलांस से पकड़े गए आरोपी

इंस्पेक्टर रमेश चंद के नेतृत्व में गठित टीम, जिसमें हेड कांस्टेबल प्रवीण यादव भी शामिल थे, ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपियों को सेक्टर-8 द्वारका से उस समय दबोच लिया, जब वे एक नई वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।

हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर दिखाता था दबदबा

द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंकित कुमार सिंह के अनुसार, नाबालिग सरगना सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो डालकर अपना दबदबा बनाना चाहता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें (अपाचे और स्प्लेंडर) बरामद की हैं।

एक ही रात में कई लोगों से लूट

29 और 30 जनवरी की मध्यरात्रि को गिरोह ने एक डिलीवरी ब्वॉय को हथियार दिखाकर उसका मोबाइल लूट लिया। इसके बाद एक टैक्सी चालक के साथ मारपीट कर मोबाइल छीना और फिर चार अन्य लोगों से भी मोबाइल लूटे।

अपराधी भाई के नक्शेकदम पर चला नाबालिग

पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना 17 वर्षीय किशोर है, जिसका भाई भी कुख्यात अपराधी है और फिलहाल जेल में बंद है। पुलिस ने इस गिरफ्तारी से लूट, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के कुल छह मामलों को सुलझाने का दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us