बोर्ड परीक्षा-2026 की तैयारियों को लेकर डीएम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, 60 केंद्रों पर होगी परीक्षा
Noida news
18 फरवरी से 12 मार्च तक होंगी यूपी बोर्ड परीक्षाएं
उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा-2026 को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक आईआईएमटी कॉलेज, ग्रेटर नोएडा के ऑडिटोरियम हॉल में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ संपन्न हुई।
बैठक में 60 परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट शामिल हुए।
नकलविहीन परीक्षा कराने के सख्त निर्देश
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बोर्ड परीक्षाएं पूरी तरह नकलविहीन, सुचिता और शांतिपूर्ण वातावरण में कराई जाएं। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों का शत-प्रतिशत निरीक्षण कराने और किसी भी प्रकार की कमी को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर स्ट्रांग रूम स्थापित किए जाएं और 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी केंद्रों पर कैमरे सक्रिय अवस्था में रखने के निर्देश दिए गए।
समय से ड्यूटी पर पहुंचने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए सभी अधिकारी समय से अपनी जिम्मेदारी संभालें और अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करें। परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
स्ट्रांग रूम की चाबियों के रख-रखाव, प्रश्न पत्र खोलने की प्रक्रिया और शासनादेशों के अनुपालन को लेकर भी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।
42,917 छात्र-छात्राएं होंगे शामिल
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि यूपी बोर्ड परीक्षा-2026 में जनपद गौतम बुद्ध नगर के कक्षा 10वीं और 12वीं के लगभग 42,917 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। जिले में कुल 60 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और सभी केंद्रों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि प्रश्न पत्र पुलिस अभिरक्षा में केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे और किसी भी समस्या की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए हैं।