आईएमएस नोएडा में गोल्डन गोल कप ओपन फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, 30 टीमों ने लिया हिस्सा
NOIDA NEWS
नोएडा। सेक्टर-62 स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (आईएमएस) नोएडा में गोल्डन गोल कप ओपन फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। यह तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट संस्थान परिसर में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें स्कूल, कॉलेज, स्पोर्ट्स एकेडमी, स्पोर्ट्स क्लब और कॉरपोरेट वर्ग की कुल 30 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन 18 टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने किया टूर्नामेंट का उद्घाटन
प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आईएमएस नोएडा के प्रेसिडेंट राजीव कुमार गुप्ता, वाइस प्रेसिडेंट चिराग गुप्ता, महानिदेशक प्रोफेसर (डॉ.) विकास धवन, स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर रीना मैसी सहित संस्थान के शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।
आईएमएस के प्रेसिडेंट राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि खेलकूद छात्र जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि टीम वर्क, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेलने की अपील की।
खेल युवाओं को देता है सकारात्मक दिशा: गोपाल कृष्ण अग्रवाल
मुख्य अतिथि गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं। खेलों से आत्मविश्वास, अनुशासन और संघर्ष करने की क्षमता विकसित होती है, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाने में सहायक होती है। उन्होंने कहा कि आज खेल करियर और रोजगार के नए अवसर भी प्रदान कर रहे हैं।
वाइस प्रेसिडेंट चिराग गुप्ता ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी समान महत्व देता है। वहीं महानिदेशक प्रोफेसर डॉ. विकास धवन ने छात्रों को पढ़ाई के साथ खेलों में करियर की संभावनाओं पर भी ध्यान देने की सलाह दी।
पहले दिन खेले गए मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज
स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर रीना मैसी ने बताया कि पहले दिन खेले गए मुकाबलों में एमयूआईटी ने जयपुरिया कॉलेज को 5-2 से, जेएमएस एकेडमी ने गलगोटिया कॉलेज को 2-0 से, जेएसएस कॉलेज ने सौर्या एफसी को 2-0 से, डीजी वॉरियर्स ने हिंडन एफसी को 10-2 से, सिंबोसिस ने मिलान एफसी को 3-1 से, गोल्डन एफसी ने मुजफ्फरनगर यूनाइटेड को 5-2 से और दिल्ली वॉरियर्स ने हिमालयन एफसी को 6-0 से हराकर जीत दर्ज की।