ओवरलोड वाहनों पर परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई, 13 ट्रकों का चालान
जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर मेधा रूपम के निर्देशों के क्रम में जिले में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 5-6 फरवरी की रात परिवहन विभाग की टीम ने विशेष अभियान चलाकर 13 ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की।
सहायक संभागीय अधिकारी (प्रवर्तन) नन्द कुमार, अभिषेक कनौजिया एवं यात्रीकर अधिकारियों की टीम ने सेक्टर-डी पार्क, नॉलेज पार्क और बादलपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान ओवरलोड ट्रकों को पकड़ा। सभी वाहनों के चालान कर उन्हें मौके पर ही निरुद्ध किया गया। इस कार्रवाई में कुल 9 लाख 80 हजार रुपये का प्रशमन शुल्क आरोपित कर वसूला गया।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) गौतम बुद्ध नगर डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि ओवरलोडिंग सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। क्षमता से अधिक माल लादने से वाहन का संतुलन बिगड़ जाता है, जिससे ब्रेक फेल होने, टायर फटने और वाहन पलटने जैसी दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इससे न केवल चालक बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी जोखिम में पड़ती है।
उन्होंने ट्रक संचालकों और चालकों से अपील की कि वे वाहनों की निर्धारित क्षमता का पालन करें और ओवरलोडिंग से बचें। इससे वाहन की उम्र बढ़ेगी, सड़कें सुरक्षित रहेंगी और पर्यावरण को भी नुकसान नहीं पहुंचेगा।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे भी ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।