ओखला में बर्ड टूरिज्म का बूम, 15 हजार पक्षी और 101 प्रजातियां देखी गईं

इस बार विजिटर को कोई नई या अत्यंत दुर्लभ प्रजाति देखने को नहीं मिला

Share your love

यमुना और हिंडन नदियों के संगम क्षेत्र में बसे ओखला पक्षी विहार में इस साल प्रवासी पक्षियों की अच्छी आमद दर्ज की गई है। जनवरी में हुई गणना के अनुसार यहां 101 प्रजातियों के 15,500 से अधिक पक्षी रिकॉर्ड किए गए हैं। हालांकि इस बार कोई नई या अत्यंत दुर्लभ प्रजाति देखने को नहीं मिली, फिर भी पक्षियों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में अधिक रही है, जिससे प्रकृति प्रेमियों में उत्साह है। वन विभाग के फॉरेस्ट रेंजर अमित गुप्ता ने बताया कि जनवरी माह में पक्षियों की गणना के लिए पांच टीमों का गठन किया गया था, जिनमें करीब 30 स्वयंसेवक शामिल थे। सर्वे रिपोर्ट के अनुसार इस साल कुल 101 प्रजातियों के 15,500 से अधिक पक्षी दर्ज किए गए।

प्रमुख प्रजातियां और संख्या

1. 9000 से अधिक बत्तख और कूट्स

2. 1275 गल्ल्स

3. 35 नदी टिटहरी

4. 2982 नॉर्दर्न शेलकर

5. 2701 गडवाल

6.579 ग्रीन विंग्ड टील

7.529 नॉर्दर्न पिंटेल

8.519 कॉमन पोचार्ड

9. 1650 बार-हेडेड गूज या अबाबील समेत अन्य प्रजातियां शामिल हैं।

 

पिछले साल की तुलना में बेहतर स्थिति

पिछले साल यहां करीब 14 हजार के आसपास पक्षी दर्ज किए गए थे और प्रजातियों की संख्या भी लगभग 95-100 के बीच रही थी। इस वर्ष न केवल कुल संख्या में बढ़ोतरी हुई है, बल्कि प्रजातियों की विविधता भी 101 तक पहुंच गई है। हालांकि पक्षी प्रेमियों को इस बार किसी दुर्लभ या नई प्रजाति के दर्शन नहीं हो सके।

विहार का महत्व

करीब 4 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला ओखला पक्षी विहार वर्ष 1990 में संरक्षित क्षेत्र घोषित किया गया था। यह दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख बर्डिंग स्पॉट्स में से एक है और सर्दियों में हजारों प्रवासी पक्षियों का आश्रय स्थल बनता है। यहां आर्द्रभूमि, उथले जलाशय और घास के मैदान पक्षियों के लिए अनुकूल आवास प्रदान करते हैं। वन विभाग के अनुसार पक्षियों की बढ़ती संख्या इस बात का संकेत है कि आर्द्रभूमि की स्थिति में सुधार हुआ है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि जल स्तर, प्रदूषण और मानवीय गतिविधियों पर नियंत्रण बनाए रखना आवश्यक है, ताकि भविष्य में दुर्लभ प्रजातियों की वापसी भी संभव हो सके।

मई में लागू होगा गर्मियों का समय

वन विभाग के मुताबिक ओखला पक्षी विहार के खुलने और बंद होने का समय सर्दी व गर्मी के लिए अलग-अलग निर्धारित है। सर्दियों में पक्षी विहार का समय सुबह 7.30 बजे से शाम 5.00 बजे तक और गर्मी के लिए सुबह 7.00 बजे से शाम 5.30 बजे तक है। उन्होंने कहा कि अभी पक्षी विहार खुलने और बंद होने का सर्दियों का समय लागू है। गर्मियों का समय मई से लागू होगा।

पक्षी प्रेमियों के लिए बेहतरीन जगह

वन विभाग के अनुसार पक्षी प्रेमियों के लिए ओखला पक्षी विहार बेहतरीन जगह है। यहां सैकड़ों पक्षी प्रजातियों का घर है। यह जगह शांत वातावरण और पक्षियों को देखने के लिए बहुत अच्छी है। सर्दी में मेहमान परिंदे अपने कुनबे के साथ यहां आते हैं, जो पर्यटकों को सुकून देते हैं। हर साल यहां हजारों प्रवासी पक्षी आते हैं। इन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पक्षी विहार का रुख करते हैं। पक्षी विहार में पर्यटकों के लिए ई-कार्ट की सुविधा भी मौजूद है।

Varsha Rani
Varsha Rani
Articles: 3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us