नोएडा में घरों से 85 लाख के गहने चोरी करने वाली दो बहनें बंगाल से गिरफ्तार
नोएडा पुलिस ने घरेलू सहायिका बनकर घरों में कीमती गहनों की चोरी करने वाली दो बहनों को पश्चिम बंगाल से ढूढकर अरेस्ट कर लाई। थाना सेक्टर-24 और थाना सेक्टर-49 की संयुक्त पुलिस टीम ने दो महिलाओं को 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर पहचान जुटाई। इसके बाद पश्चिम बंगाल जाकर उन्हें नोएडा लाई। उनके पास से 85 लाख रुपये के ज्वैलरी, डायमंड और लगभग 2 लाख 89 हजार रुपये कैश बरामद हुए हैं।
डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार महिलाएं मामूनी जना उर्फ मोनी पत्नी निर्मल यादव (31 वर्ष) और आशा उर्फ मामोनी उर्फ मोनी यादव पत्नी कमल यादव (30 वर्ष) हैं। यह दोनों देवरानी और जेठानी हैं। दोनों करीब पांच साल पहले अपने पति के साथ नोएडा आकर घरेलू सहायिका का काम करने लगी थीं, लेकिन असल मकसद घरों में काम करने के बहाने मौका पाकर कीमती गहनों की चोरी करना था। चोरी के बाद ये महिलाएं दोबारा उसी घर में काम करने नहीं जाती थीं। पूछताछ में महिलाओं ने खुलासा किया कि वे मुहल्लों में घूमकर घरेलू सहायिका का काम ढूंढती थीं। जहां काम मिल जाता, वहां कुछ दिन या कुछ हफ्तों तक काम करतीं और मौका पाकर अलमारी, दराज या बैग से सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चुरा लेतीं। चोरी के बाद काम छोड़ देतीं और गहनों को गलाकर या राह चलते लोगों को मजबूरी बताकर बेच देती थीं। इससे जो पैसा मिलता, उससे वे खर्च चलाती थीं।
मामूनी जना ने बताया कि उसने सेक्टर-12 के एक घर से बड़ी मात्रा में ज्वैलरी चोरी की थी। वहीं दूसरी आरोपी आशा ने बताया कि उसने सेक्टर-49 के एक घर से सोने के आभूषण और नकदी चुराकर बंगाल जाकर बेच दिए, जिससे उसे लगभग 1 लाख 34 हजार रुपये मिले। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय मुखबिरों और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से संदिग्ध महिलाओं की पहचान और मोबाइल नंबर मिले। जांच में पता चला कि दोनों महिलाएं चोरी के बाद पश्चिम बंगाल भाग गई थीं। इसके बाद दोनों थानों की पुलिस टीम अनुमति लेकर पश्चिम बंगाल पहुंची और 19 नवंबर 2025 को मुखबिर की सूचना पर आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को मेदनीपुर अदालत के सामने पेश किया गया, जहां से तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड मंजूर किया गया।
कीमती माल की बरामदगी
पुलिस को दोनों महिलाओं की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से भारी मात्रा में गहने मिले हैं। सोने-चांदी की चेन, पैडेंट, नेकलेस, इयर-रिंग्स, कंगन, ब्रेसलेट और सोने का एक बिस्किट तक बरामद हुआ है। कुल कीमत लगभग 85 लाख रुपये आंकी गई है, साथ ही 2 लाख 89 हजार रुपये नकद भी मिले हैं।