नोएडा में धूमधाम से मनाया गया हिन्दू नववर्ष, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
Mediawali news, Noida
नोएडा के सेक्टर-20 स्थित श्री हनुमान मंदिर में नारी शक्ति संस्कृति एवं भारतीय संस्कार आयोजन समिति और शांभवी महामुद्रा रजिस्टर्ड ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में पहली बार हिन्दू नववर्ष का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायिका विमला बाथम, कथा वाचिका कनक लता कनक और सीमा गोयल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। शुरुआत गणेश वंदना से हुई और समापन राम स्तुति व महाआरती के साथ किया गया।
कार्यक्रम में कनक लता कनक ने हिन्दू नववर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भगवान श्रीराम के जन्म और हनुमान जन्मोत्सव की जानकारी दी। महामंडलेश्वर शिवाचार्य कृष्णा जी ने बच्चों को संस्कारवान बनाने और धर्म से जोड़ने पर जोर दिया, वहीं साध्वी दुर्गाचार्य कंचन जी परमहंस ने सनातन धर्म के महत्व और हिंदुत्व की विचारधारा को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
इस दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत समूह नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। शंकर-पार्वती और राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियों के साथ फूलों की होली ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम की मुख्य संयोजिका सीमा गोयल और तृप्ता पोरवाल ने आयोजन का सफल संचालन किया। अंत में अग्रवाल वैश्य मित्र मंडल के अध्यक्ष राधा कृष्ण गर्ग ने सभी अतिथियों, मंदिर समिति और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों और महिलाओं की उपस्थिति ने आयोजन को भव्यता प्रदान की।