नोएडा में बैंक कर्मी महिला का आरोप: दहेज के लिए प्रताड़ना, पति समेत 5 पर केस दर्ज

 दहेज उत्पीड़न और मारपीट के गंभीर आरोप

Share your love
Mediawali news, Noida

 

नोएडा के सेक्टर 76 स्थित एक सोसायटी में रहने वाली बैंक कर्मी महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने पति सहित पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की शादी वर्ष 2016 में बलिया निवासी मनीष कुमार सिंह से हुई थी। आरोप है कि शादी के एक साल के भीतर ही पति ने अपना ट्रांसफर बलिया करवा लिया, जिसके बाद ससुराल में उसके साथ उत्पीड़न का सिलसिला शुरू हो गया।

 ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप

महिला का आरोप है कि पति, सास-ससुर, देवर और ननद लगातार दहेज को लेकर ताने मारते थे और कई बार मारपीट भी की जाती थी। उसने यह भी आरोप लगाया कि देवर ने कई बार उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
इतना ही नहीं, पीड़िता का कहना है कि उसकी जबरन एफडी तुड़वाई गई और सास-ससुर ने उसके गहने भी छीन लिए। यह घटनाएं लंबे समय तक चलती रहीं, जिससे वह मानसिक रूप से भी परेशान हो गई।

 शिकायत के बाद पुलिस कार्रवाई

वर्ष 2021 में महिला ने नोएडा ट्रांसफर ले लिया और पति के साथ यहां रहने लगी। हालांकि, यहां भी हालात नहीं बदले। आरोप है कि पति शराब के नशे में बेल्ट से मारपीट करता था। परेशान होकर महिला का भाई उसे फरीदाबाद अपने गांव ले गया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि अक्टूबर 2025 में ससुराल पक्ष ने कुछ अज्ञात लोगों को भेजकर उसके साथ अभद्रता करवाई। इसके बाद उसने डीसीपी महिला सुरक्षा से शिकायत की।
पुलिस ने बताया कि मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us