महिला की पहचान पुख्ता करने में जुटी पुलिस: बच्चों और आरोपी के ब्लड सैंपल से होगा मिलान
सिर, हथेली और कपड़ों के अवशेष फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए
सेक्टर-108 नाले में मिली सिर कटी महिला की लाश मामले में पुलिस अब वैज्ञानिक तरीके से सबूत मजबूत करने में जुट गई है। पोस्टमार्टम के दौरान महिला का ब्लड सैंपल सुरक्षित रखा गया था। अब पुलिस इस सैंपल को मृतका के बच्चों के ब्लड से मैच कराएगी, ताकि उसकी पहचान पूरी तरह स्पष्ट हो सके। साथ ही पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार युवक मोनू का भी ब्लड सैंपल ले लिया है, जिसे बस में मिले मैट पर पाए गए ब्लड से मैच कराया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जांच के दौरान महिला का कटा सिर, हथेली के अवशेष और उसके कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं। सभी सामान फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए भेज दिए गए हैं। बस से मिले अन्य सबूतों को भी वैज्ञानिक तरीके से खंगाला जा रहा है। इनमें कुछ निशान आरोपी से जुड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। जिन्हें पुलिस एक-एक कर मजबूत प्रमाण के रूप में इकट्ठा कर रही है। पुलिस ने बताया कि महिला के तीनों बच्चों को उनके परिवार वालों को सौंप दिया गया है। वहीं पुलिस मृतका के पति की तलाश कर रही है। ताकि बच्चों की आगे की देखभाल की जिम्मेदारी उसी को सौंपी जा सके। अधिकारियों के अनुसार महिला के पति का नाम जयकिशन यादव है। जो बिहार का मूल निवासी है और पिछले दो साल से पत्नी से अलग रह रहा है।
पुलिस उससे संपर्क करने की कोशिश कर रही है। ताकि परिवार की स्थिति स्पष्ट हो सके। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने रविवार को भी कुछ अहम सबूत एकत्र किए हैं। पूरी जांच साइंटिफिक एविडेंस पर आधारित रखी जा रही है। जिससे आरोपी को अदालत में कड़ी सजा दिलाई जा सके। पुलिस ने मोनू को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी रिपोर्ट्स आने के बाद केस में आगे की कार्रवाई और तेज की जाएगी।
सेक्टर 108 के पास नाले में 6 नवंबर को एक महिला की सिर कटी लाश मिली थी। जिसका खुलासा करते हुए सेक्टर 39 थाने की पुलिस ने शुक्रवार को एक व्यक्ति को सेक्टर 49 बरौला से अरेस्ट किया था। आरोपी की पहचान मोनू सोलंकी के रूप मे हुई थी। मृतका की पहचान प्रीति यादव के रूप में हुई थी। दोनों में अवैध संबंध थे। मोनू ने पुलिस को बताया था कि महिला उससे बार-बार रुपये की मांग करती थी। जिससे परेशान होकर वह बस में उसकी चापड़ से गर्दन काटकर हत्या कर दी थी।