ग्रेटर नोएडा में जैन मंदिर से 800 साल पुरानी अष्टधातु प्रतिमा चोरी, पुलिस ने दो आरोपी दबोचे
ग्रेटर नोएडा:
ग्रेटर नोएडा के सैनीपुरा गांव स्थित एक जैन मंदिर से करीब 800 साल पुरानी अष्टधातु की प्राचीन प्रतिमा चोरी करने का मामला सामने आया है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस चोरी में मंदिर में कार्यरत दो कर्मचारियों की संलिप्तता पाई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई प्रतिमा समेत अन्य चांदी के धार्मिक सामान बरामद कर लिए हैं।
मंदिर के कर्मचारियों ने ही रची चोरी की साजिश
पुलिस के अनुसार, 16 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि मंदिर में कार्यरत मुलायम और चेतन ने मंदिर से चांदी की पांडुशिला, चांदी का नारियल, चांदी का कलश और अष्टधातु की प्राचीन प्रतिमा चोरी कर ली है। आरोपी इन सामानों को बेचने की फिराक में थे।
मंदिर प्रबंधन की शिकायत पर इकोटेक थर्ड थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से गिरफ्तारी
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और गोपनीय सूचना के आधार पर 17 फरवरी को दोनों आरोपियों को सुनपुरा गांव से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
-
मुलायम सिंह, निवासी ग्राम बिजोरी पाठक, थाना हटा, जिला दमोह (मध्य प्रदेश)
-
चेतन, निवासी ग्राम धूम मानिकपुर, थाना बादलपुर, गौतमबुद्धनगर
चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से:
-
800 साल पुरानी अष्टधातु की प्राचीन प्रतिमा
-
चांदी की पांडुशिला के 8 टुकड़े
-
एक चांदी का नारियल
-
एक चांदी का कलश
बरामद किया है।
पुलिस की अपील: कर्मचारियों का कराएं वेरिफिकेशन
पुलिस अधिकारियों ने मंदिर और धार्मिक संस्थानों को सलाह दी है कि कर्मचारियों की नियुक्ति से पहले पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराएं। साथ ही मंदिर परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली को मजबूत करने की जरूरत पर भी जोर दिया गया है।