धूप से मिली थोड़ी राहत, लेकिन जहरीली हवा बरकरार; प्रदूषण में नोएडा देश में सबसे आगे, गाजियाबाद दूसरे नंबर पर
शनिवार को शहर की शुरुआत घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के साथ हुई। सुबह और शाम के समय धुंध इतनी घनी रही कि सड़कों पर दृश्यता कम हो गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। बीते कई दिनों से जारी ठंड और कोहरे के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। लोग खासकर सुबह और देर शाम घरों से बाहर निकलने से बचते नजर आए। बुजुर्गों, छोटे बच्चों और दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों को ठंड की वजह से सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिला। दोपहर के समय जनपद के कई इलाकों में हल्की गुलाबी धूप खिली, जिससे लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिली। लंबे समय बाद धूप निकलने पर शहरवासियों के चेहरे खिल उठे और लोग घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों की ओर जाते दिखे। सेक्टर-15 स्थित पार्क, दलित प्रेरणा स्थल समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर परिवारों की भीड़ नजर आई। बच्चे पार्कों में खेलते दिखे, वहीं बुजुर्ग धूप में बैठकर राहत महसूस करते नजर आए। कई लोग टहलते हुए और कुछ परिवार एक साथ समय बिताते हुए दिखाई दिए।
मौसम में आई इस थोड़ी राहत के बावजूद शहर की हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी रही। प्रदूषण के मामले में शनिवार को नोएडा देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा। आंकड़ों के अनुसार नोएडा का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 409 दर्ज किया गया, जो रेड जोन की श्रेणी में आता है और स्वास्थ्य के लिए अत्यंत गंभीर माना जाता है। वहीं 404 एक्यूआई के साथ गाजियाबाद देश में दूसरे स्थान पर रहा। खराब हवा के चलते सांस, आंखों में जलन और एलर्जी जैसी समस्याओं का खतरा बना हुआ है।
आने वाले सप्ताह का मौसम
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोहरे को लेकर चेतावनी भी जारी की गई है। आगामी सप्ताह में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 23 और 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह और शाम की ठंड फिलहाल बनी रहेगी।