डीएल टेस्ट पास कराने के नाम पर रिश्वत का आरोप
नोएडा। ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) टेस्ट में धांधली का एक गंभीर मामला सामने आया है। नोएडा के सेक्टर 78 निवासी हरप्रीत सिंह ने आरोप लगाया है कि दादरी के बिसाहड़ा स्थित ड्राइविंग टेस्टिंग सेंटर में डीएल टेस्ट पास कराने के लिए 5 से 10 हजार रुपये तक रिश्वत मांगी जा रही है। युवक ने इस संबंध में एक वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को टैग करते हुए सोशल मीडिया पर शिकायत की है।
हरप्रीत सिंह ने अपने वीडियो बयान में बताया कि उनका पुराना पंजाब से बना ड्राइविंग लाइसेंस समाप्त हो गया था। इसके नवीनीकरण के लिए उन्होंने नोएडा स्थित एआरटीओ कार्यालय में आवेदन किया, जहां से उन्हें टेस्ट के लिए दादरी के बिसाहड़ा स्थित निजी ड्राइविंग टेस्टिंग सेंटर भेजा गया। उनका आरोप है कि टेस्ट के दौरान उन्हें बिना किसी स्पष्ट कारण के फेल कर दिया गया, जबकि वहां मौजूद कुछ लोगों से पैसे लेकर उन्हें पास कर दिया गया।
युवक का कहना है कि केंद्र पर आने वाले अन्य अभ्यर्थियों के साथ भी ऐसा ही व्यवहार किया जा रहा है। जो पैसे देते हैं, उन्हें पास कर दिया जाता है, जबकि बाकी को बार-बार फेल घोषित किया जाता है।
इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया है। कई यूजर्स ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और परिवहन विभाग से जांच की मांग की है। फिलहाल, विभाग की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।