एनसीआर में महिला पत्रकार का पीछा: दो युवकों ने 20 किलोमीटर तक किया पीछा

Share your love

दिल्ली-एनसीआर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दो युवकों ने एक 39 वर्षीय महिला पत्रकार का करीब 20 किलोमीटर तक पीछा किया। यह घटना शुक्रवार तड़के लगभग 1 बजे की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, महिला पत्रकार नोएडा स्थित अपने दफ्तर से वसंत कुंज स्थित घर लौट रही थीं। रास्ते में महामाया फ्लाईओवर पर उन्होंने एक स्कूटी को ओवरटेक किया। इसी बात से नाराज़ होकर स्कूटी सवार दोनों युवक उनके पीछे लग गए और उन्हें रोकने की कोशिश करने लगे।

महिला ने खतरे को भांपते हुए गाड़ी नहीं रोकी और सीधे लाजपत नगर फ्लाईओवर तक पहुंचीं। वहां उन्होंने गाड़ी रोककर पुलिस को फोन किया। डीसीपी (दक्षिण-पूर्व) हेमंत तिवारी ने बताया कि महिला ने समझदारी दिखाते हुए सुरक्षित इलाके की ओर गाड़ी बढ़ाई और पुलिस को समय पर सूचना दी। एफआईआर के मुताबिक, जब महिला ने रास्ते में गाड़ी धीमी की, तो दोनों आरोपियों ने कार की खिड़की पर जोर-जोर से हाथ मारा और दरवाजा खोलने की कोशिश की। जब महिला ने गाड़ी आगे बढ़ाई, तो डीएनडी फ्लाईवे पर आरोपियों ने अपने बैग से कुछ निकालकर कार पर फेंका, जिससे कार की पिछली खिड़की टूट गई। महिला ने बताया कि आरोपी उन्हें गाली दे रहे थे और अभद्र इशारे कर रहे थे। पीछा करते हुए दोनों युवक लाजपत नगर के गुप्ता मार्केट तक पहुंचे, इसके बाद वहां से भाग निकले। पुलिस ने बताया कि मौके पर लाजपत नगर थाने की पीसीआर वैन पहुंची और महिला की मदद की। जांच में पता चला कि यह घटना सनलाइट कॉलोनी थाना क्षेत्र की है। वहां महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। आरोपियों की पहचान शुभम और दीपक लाल उर्फ दीपु के रूप में हुई है, जो दिल्ली के डाबरी इलाके के रहने वाले हैं। दोनों के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हो चुके हैं। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों आरोपियों को शुक्रवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us