पाकिस्तान-अफगानिस्तान तनाव बढ़ा: पाक सेना की एयरस्ट्राइक में 16 की मौत, जवाबी कार्रवाई की चेतावनी

Share your love
Mediawali news

TTP के ठिकानों को निशाना बनाने का दावा

पाकिस्तान की सेना ने रविवार तड़के अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में एयरस्ट्राइक की। पाकिस्तानी सेना का दावा है कि इस हमले में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और इस्लामिक स्टेट से जुड़े सात आतंकी कैंपों को निशाना बनाया गया। पाकिस्तान सरकार ने इसे हालिया आत्मघाती हमलों के जवाब में की गई कार्रवाई बताया और कहा कि यह एक इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशन था।

नागरहार में नागरिकों की मौत का आरोप

अफगानिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नांगरहार प्रांत में एक घर पर हमला हुआ, जिसमें एक ही परिवार के कई लोग मलबे में दब गए। अमेरिकी मानवाधिकार संगठन इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स फाउंडेशन के अनुसार, इस हमले में 16 लोगों की मौत हुई, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। हालांकि, मृतकों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

अफगानिस्तान ने दी कड़ा जवाब देने की चेतावनी

अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने पाकिस्तान की कार्रवाई को देश की संप्रभुता का उल्लंघन बताते हुए कहा कि सही समय पर कड़ा जवाब दिया जाएगा। अफगान सूत्रों के अनुसार, पक्तिका में एक धार्मिक स्कूल पर ड्रोन हमला भी हुआ है। वहीं, पाकिस्तान का कहना है कि उसने केवल आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया है।

आतंकी हमलों के बाद बढ़ा तनाव

एयरस्ट्राइक से कुछ घंटे पहले खैबर पख्तूनख्वा में आत्मघाती हमले में दो सैनिकों की मौत हुई थी। इससे पहले बाजौर में विस्फोट से 11 सैनिक और एक बच्चे की मौत हुई थी। इस्लामाबाद की एक शिया मस्जिद में हुए आत्मघाती हमले में 31 लोगों की मौत और 169 लोग घायल हुए थे, जिसकी जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट ने ली थी।

तालिबान पर दबाव की मांग

पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि वह तालिबान पर दबाव डाले, ताकि अफगान जमीन का इस्तेमाल दूसरे देशों के खिलाफ आतंकी गतिविधियों के लिए न हो। पाकिस्तान ने 2020 के दोहा समझौते का हवाला देते हुए कहा कि तालिबान ने आतंकियों को पनाह न देने का वादा किया था।

TTP: पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ा खतरा

विशेषज्ञों के अनुसार, 2021 में तालिबान के सत्ता में आने के बाद TTP ने पाकिस्तान के खिलाफ हमले तेज कर दिए हैं। ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2025 के मुताबिक पाकिस्तान दुनिया का दूसरा सबसे आतंक प्रभावित देश बन चुका है। रिपोर्ट में TTP को पाकिस्तान का सबसे खतरनाक आतंकी संगठन बताया गया है।

दोनों देशों के रिश्ते पहले से तनावपूर्ण

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच डूरंड लाइन विवाद और सीमा झड़पों के चलते पहले से तनाव है। 2021 में तालिबान के सत्ता में आने के बाद हालात और बिगड़े हैं, जिससे क्षेत्रीय सुरक्षा पर गंभीर असर पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us