ठंडा पानी हो या गर्म, नहाने से पहले रहें सतर्क — ठंड में बढ़ रहा जेरोसिस का खतरा

Share your love

 

सर्दियों का मौसम शुरू होते ही नहाने को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत बढ़ जाती है। कई लोग ठंड से बचने के लिए बहुत गर्म पानी का उपयोग करते हैं, जबकि कुछ ठंडे पानी से जल्दी-जल्दी शॉवर ले लेते हैं। लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार, दोनों ही स्थितियां शरीर के लिए खतरनाक साबित हो सकती हैं।

जिला अस्पताल में इन दिनों ऐसे मरीजों की संख्या लगभग 25 प्रतिशत बढ़ी है, जिनकी समस्या का मुख्य कारण नहाने के दौरान की गई छोटी-छोटी लापरवाहियां हैं।

गर्म पानी से बढ़ सकता है जेरोसिस का खतरा

सेक्टर-110 स्थित यथार्थ अस्पताल के सीनियर डॉक्टर प्रखर गर्ग बताते हैं कि बहुत गर्म पानी से नहाने पर त्वचा की प्राकृतिक नमी तेजी से कम हो जाती है। इसके कारण त्वचा रूखी, खुजलीदार और फटने लगती है। मेडिकल भाषा में इसे “जेरोसिस” कहा जाता है।

डॉ. गर्ग के अनुसार, गर्म पानी ब्लड वेसल्स को तेजी से फैलाता और सिकुड़ता है, जिससे कुछ लोगों में ब्लड प्रेशर और हार्ट रेट में उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है। इसी वजह से हाइपरटेंशन, हार्ट डिजीज और स्किन एलर्जी वाले लोगों को बहुत गर्म पानी से नहाने से बचने की सलाह दी जाती है।

ठंडे पानी से नहाना भी खतरनाक, बढ़ सकता है स्ट्रोक और हार्ट अटैक का जोखिम

सेक्टर-50 स्थित मेदांता अस्पताल के सीनियर कंसलटेंट योगेश वेलेचा बताते हैं कि ओपीडी में उम्रदराज ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ रही है जो सुबह ठंडे पानी से नहाते हैं। अचानक ठंडे पानी के संपर्क में आने से शरीर को झटका लगता है और ब्लड वेसल्स सिकुड़ जाती हैं, जिससे ब्लड फ्लो धीमा हो जाता है।

इसके कारण दिल को अधिक मेहनत करनी पड़ती है और हार्ट रेट बढ़ जाता है। यह स्थिति पहले से हार्ट डिजीज, उच्च रक्तचाप या स्ट्रोक के खतरे वाले लोगों के लिए और भी जोखिमपूर्ण हो सकती है। सर्दियों में खून का गाढ़ा होना और ब्लड वेसल्स का संकुचित होना ब्रेन स्ट्रोक की आशंका बढ़ा देता है। इसलिए विशेषज्ञ ठंडे पानी से नहाने से बचने की सलाह देते हैं।

सर्दियों में सुरक्षित नहाने के महत्वपूर्ण सुझाव
  • हमेशा गुनगुने या हल्के गर्म पानी का उपयोग करें।

  • नहाते समय सबसे पहले सिर पर पानी न डालें। अचानक ठंडा या गर्म पानी सिर पर पड़ने से स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है।

  • नहाने के बाद मॉइश्चराइज़र जरूर लगाएं, ताकि त्वचा की नमी बनी रहे।

  • नियमित व्यायाम करें, जिससे शरीर गर्म रहता है और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है।

लो BP वालों के लिए विशेष सावधानी

जिन लोगों का ब्लड प्रेशर सामान्य से कम रहता है, उन्हें बहुत गर्म पानी से नहाने में विशेष सावधानी रखनी चाहिए। गर्म पानी शरीर को ढीला कर देता है, जिससे कुछ समय के लिए रक्तचाप और भी नीचे जा सकता है। इससे चक्कर या कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

डॉ. प्रखर गर्ग का कहना है कि सर्दियों में नहाने की सही आदतें अपनाकर न केवल त्वचा, बल्कि दिल और दिमाग को भी सुरक्षित रखा जा सकता है। नियमित दिनचर्या में छोटी-छोटी सावधानियां बड़े खतरे से बचा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us