नोएडा में डेंगू से मौत की आशंका के मामले पर जांच जारी
गौतम बुद्ध नगर में एक महिला की डेंगू से मौत की आशंका के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की अधिकारी श्रुति कीर्ती वर्मा ने बताया कि गुरुवार की सुबह में दिल्ली के अपोलो अस्पताल में एक 33 वर्षीय महिला की मौत के बाद, डेंगू की आशंका जताया जा रहा है।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. श्रुति कीर्ति वर्मा ने बताया कि 18 अक्टूबर को सर्दी- बुखार के कारण स्थिति गंभीर होने के बाद यर्थाथ अस्पताल में महिला भर्ती हुई, इसकी जब जांच की गई तो डेंगू की रिपोर्ट नेगेटिव आया। 22 अक्टूबर को महिला को दिल्ली रेफर किया गया जहां एक दिन बाद ही यानी 23 अक्टूबर को महिला की मौत हो गई। स्वास्थ्य अधिकारी इस मामले की स्थिति जानने के लिए यथार्थ पहुंचे और अपनी टीम को मरीज के निवास स्थान पर भेजकर फिलहाल फॉगिंग भी कराई गई है। फिलहाल, जांच करने के बाद ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि मौत का कारण क्या है। बता दें अधिकारी के अनुसार शनिवार को 8 मामले डेंगू के सामने आए हैं। जिसके बाद जिले में 547 डेंगू मरीज अब तक रिपोर्ट किये गए हैं। जिन इलाकों में मरीज मिले हैं, वहां फॉगिंग और एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव कराया जा रहा है ताकि मच्छरों की संख्या कम की जा सके। साथ ही, मरीजों के घरों और दफ्तरों के आसपास भी दवा छिड़की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वह अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, क्योंकि डेंगू फैलाने वाला मच्छर साफ पानी में पनपता है। टंकियों, कूलरों, गमलों और पुराने टायरों को नियमित रूप से साफ करने की सलाह दी गई है। डॉक्टरों का कहना है कि डेंगू के शुरुआती लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, शरीर में दर्द, लाल चकत्ते और कमजोरी शामिल हैं। किसी भी बुखार को हल्के में न लें और तुरंत जांच कराएं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सभी अस्पतालों में डेंगू की जांच और इलाज की सुविधाएं मौजूद हैं। विभाग लगातार कोशिश कर रहा है कि डेंगू के मामलों पर जल्द से जल्द नियंत्रण पाया जा सके।