विवादों के बीच एआर रहमान का बयान, बोले– ‘किसी को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था, भारतीय होने पर गर्व है’
बॉलीवुड को लेकर टिप्पणी पर घिरे ऑस्कर विजेता संगीतकार
ऑस्कर और गोल्डन ग्लोब जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित मशहूर संगीतकार एआर रहमान इन दिनों एक बयान को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में बॉलीवुड और फिल्म इंडस्ट्री को लेकर की गई उनकी कुछ टिप्पणियों पर विवाद खड़ा हो गया था। इन टिप्पणियों में उन्होंने इंडस्ट्री में बढ़ती सांप्रदायिक सोच की बात कही थी, जिसके बाद सोशल मीडिया और फिल्मी गलियारों में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
इंटरव्यू में क्या कहा था रहमान ने
एआर रहमान ने बीबीसी एशियन को दिए इंटरव्यू में कहा था कि वह पिछले कुछ समय से बॉलीवुड में कम काम कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें फिल्म और संगीत की दुनिया में धीरे-धीरे सांप्रदायिक भावनाओं का असर दिखाई दे रहा है। उन्होंने यह भी कहा था कि इसका प्रभाव उनके काम और रचनात्मक स्वतंत्रता पर पड़ता है। इसी इंटरव्यू में उन्होंने विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ को लेकर भी टिप्पणी की थी, जिसे कुछ लोगों ने “विभाजनकारी” करार दिया।
विवाद बढ़ने पर रहमान ने तोड़ी चुप्पी
टिप्पणियों को लेकर बढ़ते विवाद के बाद एआर रहमान ने रविवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर अपनी बात स्पष्ट की। वीडियो में रहमान ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था और उनकी बातों को गलत तरीके से समझ लिया गया।
‘मेरा काम लोगों को जोड़ना है, बांटना नहीं’
रहमान ने कहा,
“मेरा मकसद कभी भी नफरत फैलाना या किसी को दुख पहुंचाना नहीं रहा। मैं एक संगीतकार हूं और मेरा काम हमेशा लोगों को जोड़ना रहा है। मैंने सिर्फ अपने अनुभव साझा किए थे। मेरी फितरत में नफरत नहीं है और मैं हमेशा एकता और सद्भाव के पक्ष में रहा हूं।”
उन्होंने यह भी कहा कि कई बार इरादों को गलत तरीके से समझ लिया जाता है, लेकिन उनका जीवन और करियर हमेशा संगीत के जरिए समाज की सेवा करने पर केंद्रित रहा है।
‘भारतीय होने पर गर्व है’
एआर रहमान ने वीडियो में कहा कि उन्हें भारतीय होने पर गर्व है, क्योंकि भारत वह देश है जहां अभिव्यक्ति की आजादी को महत्व दिया जाता है। उन्होंने कहा कि उनकी पहचान ही उन्हें सच्चाई और ईमानदारी से अपनी बात रखने की ताकत देती है।
संगीत यात्रा और भविष्य की योजनाओं का जिक्र
रहमान ने अपनी पोस्ट में वेव समिट में ‘जला’ की प्रस्तुति, नागालैंड के युवा संगीतकारों के साथ काम और बहुसांस्कृतिक वर्चुअल बैंड सीक्रेट माउंटेन का जिक्र किया। इसके अलावा उन्होंने हॉलीवुड संगीतकार हैंस जिमर के साथ नितेश तिवारी की आने वाली फिल्म ‘रामायण’ के लिए संगीत तैयार करने को गर्व और सम्मान की बात बताया।
वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा,
“संगीत, संस्कृति और आभार। हमेशा उस कला और उस जमीन की सेवा में हूं, जिसने मुझे बनाया।”