सुसाइड नोट में लिखा ‘जिंदगी में आगे नहीं बढ़ पाया’, IOCL के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ने 17वीं मंजिल से कूदकर दी जान
नोएडा। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ने शनिवार सुबह 17वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने सुसाइड नोट में जिंदगी में आगे नहीं बढ़ पाने और खुश न होने की बात लिखी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
सेक्टर-104 की सोसायटी में हुई घटना
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 55 वर्षीय अजय गर्ग दिल्ली में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। वह सेक्टर-104 स्थित एटीएस वन हमलेट सोसायटी के एक फ्लैट में पत्नी मयूरी गर्ग के साथ रहते थे।
शनिवार सुबह करीब 10:15 बजे अजय गर्ग अपने फ्लैट की बालकनी की ओर गए। कुछ ही मिनटों बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गए। तेज आवाज सुनकर सोसायटी के गार्ड मौके पर पहुंचे, जहां अजय गर्ग खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़े मिले।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना तुरंत पत्नी और डायल-112 को दी गई। सोसायटी के लोगों की मदद से अजय गर्ग को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फ्लैट से मिला सुसाइड नोट
पुलिस को मृतक के फ्लैट से आधे पन्ने का एक सुसाइड नोट मिला है। नोट में अजय गर्ग ने लिखा है कि वह जिंदगी में आगे नहीं बढ़ पा रहे थे और इससे मानसिक रूप से परेशान थे। उन्होंने सुसाइड के लिए किसी व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया है।
साथ ही नोट में यह भी उल्लेख किया गया है कि वह जीवन में खुश नहीं थे। पुलिस ने सुसाइड नोट को जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को सौंप दिया है।
हादसा या आत्महत्या—दोनों एंगल से हुई जांच
शुरुआत में पुलिस ने मामले की जांच हादसा और आत्महत्या—दोनों पहलुओं से की, लेकिन सुसाइड नोट मिलने के बाद आत्महत्या की पुष्टि हो गई है।
पुलिस के मुताबिक, बालकनी की ओर जाते समय अजय गर्ग ने पत्नी से मोबाइल नेटवर्क न आने की बात कही थी। इसके कुछ ही देर बाद वह नीचे गिर गए।
पोस्टमार्टम के बाद हुआ अंतिम संस्कार
शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद परिवार ने अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।