सेक्टर-62 अंडरपास में दिनदहाड़े लूट, अकाउंटेंट से पिस्तौल के बल पर 2 लाख कैश छीने
पीछे से टक्कर मारकर कार रोकी, चार बदमाशों ने अंजाम दी वारदात
नोएडा में पुलिस चौकसी के दावों के बीच अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे सेंट्रल नोएडा के सेक्टर-62 अंडरपास में कार सवार चार बदमाशों ने एक कंपनी अकाउंटेंट से पिस्तौल के बल पर दो लाख रुपये कैश लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
कंपनी का कैश लेकर जा रहा था कर्मचारी
पीड़ित नवल किशोर, निवासी कविनगर गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट हैं। कंपनी की ओर से उन्हें कार और चालक की सुविधा दी गई थी। शुक्रवार को वह दिल्ली से नोएडा की ओर कंपनी का करीब दो लाख रुपये कैश लेकर लौट रहे थे। उनके साथ चालक ओमपाल मौजूद था।
अंडरपास में रास्ता रोककर की लूट
जैसे ही उनकी कार सेक्टर-62 अंडरपास में पहुंची, पीछे से एक कार ने जानबूझकर टक्कर मार दी। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, बदमाशों ने आगे कार लगाकर रास्ता रोक लिया। चारों आरोपी एक ही कार में सवार थे और उतरते ही पीड़ित से बहस करने लगे।
पिस्तौल दिखाकर दी जान से मारने की धमकी
बदमाशों ने डिग्गी चेक कराने के बहाने कार रुकवाई। इसी दौरान एक आरोपी ने पिस्तौल निकालकर नवल किशोर और चालक को धमकाया। इसके बाद कार की फ्रंट सीट के नीचे रखा बैग निकाल लिया गया, जिसमें दो लाख रुपये कैश थे। बदमाश दोनों के मोबाइल फोन और कार की चाबी भी लेकर फरार हो गए।
कार नंबर नोट नहीं कर पाए पीड़ित
घटना के बाद कर्मचारी और चालक दोनों बुरी तरह डर गए थे, जिस वजह से बदमाशों की कार का नंबर नोट नहीं कर सके। बताया जा रहा है कि चारों आरोपी मुंह ढककर वारदात को अंजाम दे रहे थे। अंडरपास से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों को भी आरोपियों ने कुछ कहने से रोक दिया।
पुलिस ने दर्ज किया केस, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर-63 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बदमाशों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
सूचना में देरी पर पुलिस को संदेह
पुलिस का कहना है कि घटना के समय अंडरपास से सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। ऐसे में दिनदहाड़े लूट और करीब दो घंटे बाद सूचना मिलने को लेकर पुलिस को कुछ संदेह है। हालांकि पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने पहले कंपनी के उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
बदमाशों की तलाश में तीन टीमें गठित
पुलिस ने लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी हैं। मामले से जुड़े हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।