नोएडा के छह निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
90 मिनट तक चली सघन जांच, कुछ नहीं मिला; फर्जी ईमेल निकला अलर्ट
नोएडा। जनपद के छह निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शुक्रवार सुबह अफरातफरी मच गई। स्कूलों की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए धमकी भरे मेल में परिसर के अलग-अलग हिस्सों में बम लगाने का दावा किया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया और बम निरोधक दस्ते तथा डॉग स्क्वॉयड के साथ सघन जांच अभियान चलाया गया। करीब 90 मिनट तक चली जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद इसे फर्जी धमकी (हॉक्स ईमेल) बताया गया। हालात सामान्य होने पर स्कूलों में दोबारा पढ़ाई शुरू कर दी गई।
सुबह मिलते ही अलर्ट हुई पुलिस
अडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे कुछ स्कूल प्रबंधनों ने पुलिस को सूचना दी कि उन्हें ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली है। उस समय शिक्षक, स्टाफ और छात्र स्कूल पहुंच रहे थे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीमों को मौके पर भेजा गया और उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया गया।
बम और डॉग स्क्वॉयड ने की चप्पे-चप्पे की जांच
पुलिस के अनुसार, 8:40 बजे के आसपास पुलिस की पहली टीम स्कूल परिसरों में पहुंची और 8:55 बजे बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वॉयड के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। स्कूल भवन, कक्षाओं, कॉरिडोर, शौचालय, पार्किंग और खुले मैदानों समेत हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ली गई। करीब 11 बजे तक चले अभियान में कहीं भी बम या कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
अभिभावकों में दहशत, कई बच्चे घर लौटे
धमकी की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को सूचित किया। बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंचे और कई अपने बच्चों को एहतियातन घर ले गए। हालांकि पुलिस द्वारा खतरा टलने की पुष्टि के बाद स्कूलों में दोबारा शैक्षणिक गतिविधियां शुरू कर दी गईं।
फर्जी ईमेल निकला मामला
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में यह पूरी तरह से फर्जी धमकी प्रतीत हो रही है। इस तरह के ईमेल अक्सर वीपीएन (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) के जरिए भेजे जाते हैं, जिनमें विदेशों की आईपी एड्रेस का इस्तेमाल किया जाता है। इसी कारण ऐसे मेल भेजने वालों तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण होता है।
साइबर सेल को सौंपी गई जांच
धमकी भरे ईमेल के बाद साइबर सेल को मेल आईडी और तकनीकी स्रोतों की जांच का जिम्मा सौंपा गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मेल कहां से और किसने भेजा। साथ ही, सुरक्षा के लिहाज से पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर शहर के प्रमुख निजी स्कूलों में अतिरिक्त निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है।
अन्य स्थानों पर भी बढ़ाई गई सतर्कता
एहतियातन मेट्रो स्टेशनों, शॉपिंग मॉल और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस पीआरवी को अलर्ट मोड पर रखा गया है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने अभिभावकों और आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी देने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की धमकियों का मकसद केवल दहशत फैलाना होता है।
घटनाक्रम एक नजर में
-
सुबह 8:30 बजे: स्कूल प्रबंधन को धमकी भरे ईमेल की जानकारी
-
8:35 बजे: पुलिस को सूचना दी गई
-
8:40 बजे: स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची
-
8:55 बजे: बम निरोधक दस्ता और वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे
-
11:00 बजे तक: सघन जांच अभियान चला, कुछ नहीं मिला
फिलहाल पुलिस साइबर जांच के नतीजों का इंतजार कर रही है और स्कूलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई है।