मैक्सिको में हिंसा भड़की: कुख्यात ड्रग लॉर्ड ‘एल मेनचो’ सेना की कार्रवाई में मारा गया, कई राज्यों में कर्फ्यू जैसे हालात
Mediawali news
सेना की कार्रवाई में ढेर हुआ CJNG का सरगना
मैक्सिको के सबसे कुख्यात ड्रग कार्टेल नेताओं में शामिल नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वेंटेस उर्फ ‘एल मेनचो’ की सेना के साथ मुठभेड़ में मौत हो गई है। मैक्सिको के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, रविवार को जलिस्को राज्य में चलाए गए सैन्य अभियान के दौरान वह गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। 59 वर्षीय एल मेनचो, जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल (CJNG) का प्रमुख था और अमेरिका ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 1.5 करोड़ डॉलर का इनाम घोषित कर रखा था।
कौन था एल मेनचो?
एल मेनचो पहले एक पुलिस अधिकारी था, लेकिन बाद में उसने अपराध की दुनिया में कदम रखा और देश के सबसे शक्तिशाली ड्रग कार्टेल में से एक CJNG की कमान संभाली। यह कार्टेल कोकीन, मेथामफेटामाइन और फेंटेनाइल जैसे खतरनाक नशीले पदार्थों की अमेरिका में तस्करी के लिए जाना जाता है। अमेरिकी ड्रग एजेंसियां CJNG को सिनालोआ कार्टेल का बड़ा प्रतिद्वंद्वी मानती थीं।
हत्या के बाद देशभर में हिंसा और आगजनी
एल मेनचो की मौत की खबर फैलते ही मैक्सिको के कई राज्यों में हिंसा भड़क उठी। कार्टेल समर्थकों ने सड़कों पर वाहनों को आग के हवाले कर दिया और कई जगहों पर सड़कें जाम कर दी गईं। हालात को देखते हुए अमेरिकी विदेश विभाग ने जलिस्को और आसपास के क्षेत्रों में अमेरिकी नागरिकों को घरों में रहने की चेतावनी जारी की है।
फ्लाइट्स रद्द, यातायात प्रभावित
हिंसा के कारण हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है। यूनाइटेड एयरलाइंस, अमेरिकन एयरलाइंस और एयर कनाडा ने प्यूर्टो वल्लार्टा और ग्वाडलहारा की उड़ानें रद्द कर दी हैं। डेल्टा एयरलाइंस की एक फ्लाइट को रास्ते में ही डायवर्ट करना पड़ा।
सरकार की अपील: शांति बनाए रखें
मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि देश के अधिकांश हिस्सों में हालात सामान्य हैं और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नियंत्रण पा रही हैं।