कार से रेकी, शटर में जैक लगाकर चोरी: इलेक्ट्रॉनिक दुकानों को निशाना बनाने वाले दो शातिर गिरफ्तार

Share your love

नोएडा समेत दिल्ली-एनसीआर में इलेक्ट्रॉनिक दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को फेज वन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी दिन में कार से दुकानों की रेकी करते थे और रात के अंधेरे में शटर में जैक लगाकर चोरी को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार, दोनों पिछले करीब पांच साल से इस तरह की घटनाओं में शामिल थे और अब तक 50 से ज्यादा चोरी की वारदात कर चुके हैं।

दिन में रेकी, रात में वारदात

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी दिन के समय बाजारों में घूमकर इलेक्ट्रॉनिक दुकानों को चिन्हित करते थे। रात में एक आरोपी कार के पास खड़ा होकर निगरानी करता था, जबकि दूसरा नकली चाबी, हथौड़े और जैक की मदद से शटर उठाकर दुकान के अंदर घुस जाता था। इसके बाद महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान निकालकर कार में रखकर फरार हो जाते थे।

चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपी

डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि फेज वन थाना पुलिस सेक्टर-5 में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर दोनों को हरौला कट के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने सर्दियों में कोहरे का फायदा उठाकर चोरी करने की बात कबूली।

भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 नकली चाबी, 2 हथौड़े, लोहे की रॉड, छैनी, कार का जैक, पिलास, 6 बैटरी, 220 मीटर केबल, 7 क्लच प्लेट, 4 वाहन शॉकर, लोहे की सरिया, 1.5 किलो तांबा और दो चाकू बरामद किए हैं।

कौन हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आरिफ उर्फ चंकी निवासी गाजियाबाद और सोनू उर्फ जाकिर निवासी बिजनौर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, जाकिर 8वीं पास है और गिरोह का सरगना है, जबकि आरिफ 10वीं फेल है। जाकिर पहले भी कई बार जेल जा चुका है। दोनों दिल्ली में रहकर कार से सवारी ढोने का काम भी करते थे और रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर रहता था फोकस

पुलिस के अनुसार, आरोपी खासतौर पर इलेक्ट्रॉनिक दुकानों को ही निशाना बनाते थे, क्योंकि वहां का सामान आसानी से और अच्छे दामों पर बिक जाता है। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us