कानपुर में दबंगई की रील वायरल: देसी कट्टा लहराते युवक का वीडियो चर्चा में
कानपुर नगर।सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने की होड़ के बीच एक युवक का देसी कट्टा लहराते हुए रील बनाना चर्चा का विषय बन गया है। मामला कानपुर जिले के बिल्हौर सर्किल के अरौल थाना क्षेत्र के मकनपुर चौकी अंतर्गत एक गांव का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में युवक खुलेआम अवैध हथियार लहराते हुए नजर आ रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सूत्रों का कहना है कि संबंधित युवक पर पूर्व में भी कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी मिली है। वीडियो की सत्यता की जांच कराई जा रही है। यदि युवक के पास अवैध हथियार पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसीपी मंजय सिंह के अनुसार अवैध असलहे रखना और सोशल मीडिया पर असलहे का प्रदर्शन दंडनीय अपराध है। मामले में सख्त कदम उठाए जाएंगे।
मकनपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का तमंचा लहराते हुए वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया। वीडियो में युवक हाथ में हथियार लिए खतरनाक अंदाज में नजर आ रहा है।
वीडियो के वायरल होते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की शिकायत पर मकनपुर चौकी पुलिस ने तत्काल जांच पड़ताल शुरू कर दी।
चौकी प्रभारी विशाल कुमार शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में वीडियो में दिख रहा युवक खड़ैचा गांव निवासी दीपक बताया जा रहा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी दीपक पिछले तीन माह से नोएडा में रह रहा था। फिलहाल वह गांव पर नहीं है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। उसके परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। चौकी प्रभारी ने कहा कि मामले की गहनता से जांच करके दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।