ग्रेटर नोएडा वेस्ट: सेक्टर-10 के रेस्टोरेंट में सिलेंडर लीक से धमाका, चार घायल; फायर सेफ्टी पर उठे सवाल
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-10 में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कोको काउंटी सोसायटी के पास स्थित एक फूड प्लाजा के नागपाल रेस्टोरेंट में गैस सिलेंडर लीक होने से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते तेज धमाके जैसी आवाज हुई और रेस्टोरेंट के शीशे टूट गए। इस घटना से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12:40 बजे रेस्टोरेंट की रसोई में एलपीजी सिलेंडर से गैस लीक हो रही थी। इसी दौरान रेगुलेटर में आग लग गई और आग तेजी से फैल गई। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास खड़े लोग भी घबरा गए। उस समय रेस्टोरेंट में कई लोग खाना खा रहे थे। आग लगते ही लोग जान बचाकर बाहर भागने लगे।
इस हादसे में रेस्टोरेंट के दो कर्मचारी आग की चपेट में आकर झुलस गए। वहीं, बाहर निकलने की जल्दबाजी में एक महिला और उनका 17 साल का बेटा भी चोटिल हो गए। सभी घायलों को तुरंत पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह है कि सभी की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। बिल्डिंग में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम की मदद से आग पर जल्दी काबू पा लिया गया। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो बड़ा नुकसान हो सकता था, क्योंकि यह इलाका रिहायशी सोसायटियों से घिरा हुआ है।
हादसे के वक्त सोसायटी के कई निवासी अपने बच्चों को स्कूल से लेने के लिए बाहर खड़े थे। अचानक तेज धमाका सुनकर लोग अपने-अपने फ्लैटों से बाहर निकल आए। आसपास की कुछ दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है। दुकानदारों का कहना है कि धमाके से उनके शीशे और सामान को हानि हुई है।
इस घटना ने एक बार फिर से सोसायटी के पास बने कमर्शियल मार्केट में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यहां कई रेस्टोरेंट, कैफे और किचन चल रहे हैं, लेकिन फायर सेफ्टी के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। अगर नियमित जांच और सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए तो ऐसे हादसों को रोका जा सकता है।
यह घटना चेतावनी है कि रिहायशी इलाकों के पास चल रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में गैस और आग से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था को गंभीरता से लिया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।