गैंगस्टर रवि काना से कनेक्शन के आरोप में मीडियाकर्मी हिरासत में, विदेशी नंबरों से पत्रकार को दी गई धमकी

Share your love

Mediawali news

नोएडा में गैंगस्टर रवि काना से कथित संबंधों के आरोप में एक मीडियाकर्मी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोप है कि उसने विदेशी नंबरों का इस्तेमाल कर एक अन्य चैनल के पत्रकार को रवि काना के खिलाफ खबरें न चलाने की धमकी दी।

मामले में सेक्टर-20 थाना पुलिस ने एक केंद्रीय जांच एजेंसी के साथ संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, आरोपी को मंगलवार रात सेक्टर-93 गेझा क्षेत्र से पकड़ा गया। प्रारंभिक जांच में उसके रवि काना और उसके गिरोह के सदस्यों से संपर्क के संकेत मिले हैं। आरोपी से देर रात तक पूछताछ की गई और उसके इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए गए हैं।

विदेशी नंबरों से धमकी

पीड़ित पत्रकार के मुताबिक, 12 फरवरी की शाम करीब 5 बजे उनके मोबाइल पर यूके के नंबर (+44) से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को रवि काना का करीबी बताया और उसके खिलाफ खबरें प्रसारित न करने की चेतावनी दी। धमकी दी गई कि यदि खबरें बंद नहीं की गईं तो पांच दिन के भीतर गंभीर परिणाम होंगे।

तीन दिन बाद, 15 फरवरी को थाईलैंड के नंबर (+66) से दोबारा कॉल और मैसेज आया। मैसेज में लिखा था, “दो दिन और बचे हैं, बच लो।” इसके बाद पीड़ित ने अपने संस्थान को सूचना दी और सेक्टर-20 थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

कार की सीट के नीचे मिला मोबाइल

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिस मोबाइल फोन से धमकी दी गई थी, वह आरोपी मीडियाकर्मी की कार की सीट के नीचे से बरामद हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इंटरनेट कॉलिंग ऐप के जरिए विदेशी नंबरों का इस्तेमाल किया गया, ताकि असली पहचान छिपाई जा सके।

डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद ने बताया कि आरोपी के मोबाइल, सिम कार्ड और अन्य डिजिटल डिवाइस की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी का रवि काना से संबंध कब से है और उसकी भूमिका क्या थी।

वर्चस्व की लड़ाई का एंगल

जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि दोनों पत्रकारों के बीच पेशेवर वर्चस्व को लेकर विवाद था। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी।

कोर्ट में पेश नहीं हुआ रवि काना

उधर, बिल्डर से रंगदारी और धमकी के एक अन्य मामले में रवि काना को अग्रिम जमानत मिली हुई है। कोर्ट के आदेश के अनुसार उसे सेक्टर-63 थाने में बयान दर्ज कराना था, लेकिन वह निर्धारित तारीख पर पेश नहीं हुआ। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है। फोरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Anjali Priya
Anjali Priya
Articles: 128

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us