धूम-3 स्टाइल में बाइक चोरी करने वाला हमशक्ल गैंग बेनकाब, जुड़वा भाई समेत 4 गिरफ्तार

नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 से ज्यादा बाइक चोरी की घटनाओं का खुलासा

Share your love


नोएडा फेज-वन थाना पुलिस ने फिल्म धूम-3 की तर्ज पर बाइक चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह की खासियत यह थी कि इसके सरगना दो जुड़वा भाई हैं, जो बिल्कुल हमशक्ल हैं। एक भाई कबाड़ की दुकान संभालता था, जबकि दूसरा अपने साथियों के साथ बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने दोनों जुड़वा भाइयों समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से खुला राज

डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद ने बताया कि फेज-वन थाना क्षेत्र में लगातार बाइक चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की। टीम ने चोरी की घटनाओं वाले इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपियों की पहचान की। सोमवार को सेक्टर-14A के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शादाब उर्फ रुतबा, अरमान उर्फ सुट्टा, उलमान पुत्र सुल्तान (निवासी सौरभ विहार, जैतपुर दिल्ली) और विजय (निवासी ऊंचा गांव, बल्लभगढ़ हरियाणा) के रूप में हुई है।

धूम-3 जैसी प्लानिंग से देते थे पुलिस को चकमा

पूछताछ में सामने आया कि अरमान और उलमान जुड़वा भाई हैं और दोनों शक्ल-सूरत में एक जैसे हैं। दोनों एक जैसे कपड़े पहनते थे, जिससे पुलिस को भ्रम होता था। जब सीसीटीवी फुटेज में चोरी करते हुए एक भाई दिखता था और पुलिस घर पहुंचती थी, तब दूसरा भाई कबाड़ की दुकान पर बैठकर खुद को निर्दोष साबित कर देता था।

अरमान पढ़ा-लिखा है और बाइक के इंजन व अन्य पार्ट्स को तकनीकी मशीनों में इस्तेमाल करने का काम करता था, जबकि उलमान और उसके साथी रेकी कर बाइक चोरी करते थे।

बाइक काटकर पार्ट्स में करते थे सप्लाई

गिरोह नोएडा और दिल्ली-एनसीआर की सोसायटी, कॉलोनियों और कंपनियों के बाहर रेकी करता था। इसके बाद स्मार्ट चाबी या लॉक तोड़कर बाइक चोरी की जाती थी। चोरी की बाइकों को काटकर दो हिस्सों में बांट दिया जाता था। इंजन और वायरिंग अलग कर तकनीकी इस्तेमाल में लगाया जाता था, जबकि टायर, साइलेंसर, हेडलाइट जैसे पार्ट कबाड़ में बेच दिए जाते थे।

15 लाख से ज्यादा का माल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 बाइक, 12 बाइक टंकियां, 5 साइलेंसर, 4 मेडगार्ड, 2 टायर और कई लोहे की रिम बरामद की हैं, जिनकी कीमत 15 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। बरामद बाइकों में से 9 के केस फेज-वन थाने में दर्ज हैं। वहीं चारों आरोपियों के खिलाफ दिल्ली और नोएडा के अलग-अलग थानों में कुल 33 मुकदमे दर्ज हैं।

बल्लभगढ़ तक फैला नेटवर्क

पुलिस के अनुसार आरोपी विजय का भाई बल्लभगढ़ में कबाड़ की दुकान चलाता है, जहां चोरी के पार्ट्स सप्लाई किए जाते थे। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

नोएडा पुलिस की इस कार्रवाई को बाइक चोरी के मामलों में बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय अन्य गिरोहों पर भी शिकंजा कसने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us