बिल्हौर में बंबा में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका से सनसनी
Mediawali news, kanpur
कानपुर। बिल्हौर थाना क्षेत्र के अलियापुर गांव के पास रसूलाबाद मार्ग किनारे स्थित बंबा में गुरुवार को एक युवक का शव उतराता मिला। शव दिखते ही आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए शव बंबा में फेंके जाने का आरोप लगाया है।
बंबा में उतराता मिला शव
जानकारी के अनुसार बछना गांव निवासी 28 वर्षीय हरिशंकर पुत्र स्व. शिवराम का शव अलियापुर गांव के पास बंबा में उतराता देखा गया। शव को देखते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और उसकी पहचान कराई।
बताया गया कि मृतक हरिशंकर जन्म से ही गूंगा और बहरा था। परिवार में उसकी वृद्ध मां नन्ही देवी और दो बड़े भाई जगदीश व गिरीश हैं। तीन भाइयों में हरिशंकर सबसे छोटा था और अक्सर घर से बाहर रहता था।
पहले करता था दुकान पर काम
मृतक के बड़े भाई गिरीश ने बताया कि हरिशंकर कुछ समय पहले तक अलियापुर गांव में कल्लू नामक व्यक्ति की मुर्गा-मछली की दुकान पर काम करता था। हालांकि करीब दो महीने पहले उसने वह काम छोड़ दिया था और अपने मामा रामसेवक के यहां चौखंडी गांव में रहने लगा था।
गिरीश के अनुसार मंगलवार शाम हरिशंकर मामा के घर से बछना स्थित अपने घर आया था। कुछ देर रुकने के बाद वह फिर अलियापुर चला गया। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा, जिससे परिजनों को चिंता होने लगी।
शराब के नशे में घूमने की बात
परिजनों ने बताया कि बुधवार को जब वे अलियापुर पहुंचे और दुकान मालिक कल्लू से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने हरिशंकर को शाम के समय शराब के नशे में अलियापुर में घूमते देखा था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
परिजनों का आरोप है कि हरिशंकर के करीब 15 हजार रुपये कल्लू पर बकाया थे और वह वही पैसे मांगने के लिए अलियापुर गया था। उनका कहना है कि कल्लू ने उसे शराब पिलाकर उसकी हत्या कर दी और शव बंबा में फेंक दिया।
हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक संभवतः नशे की हालत में बंबा में गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।