बैंक खाते में जमा रुपये का रखें ध्यान, ठगों ने महिला के खाते से 14.35 लाख रुपये निकाले

Share your love

Mediawali news

साइबर ठगी का एक बड़ा मामला ग्रेटर नोएडा में सामने आया है, जहां ठगों ने एक महिला के बैंक खाते से 14.35 लाख रुपये निकाल लिए। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस और बैंक से शिकायत की, लेकिन लंबे समय तक मुकदमा दर्ज नहीं होने पर उन्हें अदालत का सहारा लेना पड़ा। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल ने बताया कि ग्रेटर नोएडा सेक्टर डेल्टा-4 स्थित चेरी काउंटी सोसाइटी निवासी शिवांगी गोयल का बचत खाता आईसीआईसीआई बैंक में है। आरोप है कि आठ जनवरी को साइबर ठगों ने उनके खाते से 14 लाख 35 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर उन्होंने तुरंत बैंक अधिकारियों से संपर्क किया। जांच में सामने आया कि ठगी के जरिए रकम अलग-अलग खातों में भेजी गई है। इसके बाद पीड़िता ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई करते हुए कुछ खातों में ट्रांसफर हुई रकम को फ्रीज कराया, लेकिन पीड़िता का कहना है कि बार-बार अनुरोध के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उन्होंने पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर को भी लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी।

कार्रवाई न होने से परेशान होकर महिला ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया। याचिका में कहा गया कि साइबर ठगी के मामलों में समय पर एफआईआर और जांच जरूरी है, ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके और पीड़ित की रकम वापस दिलाई जा सके। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच करने का निर्देश दिया। कोर्ट के आदेश पर अब थाना साइबर क्राइम में अज्ञात ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उन बैंक खातों की जांच कर रही है, जिनमें ठगी की राशि ट्रांसफर हुई है। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन लेन-देन करते समय सतर्क रहें। किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचें और खाते से संदिग्ध ट्रांजैक्शन होने पर तुरंत बैंक व साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।

Anjali Priya
Anjali Priya
Articles: 217

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us