अमेरिकी शेयर मार्केट एक्सपर्ट बनकर साइबर ठगों ने व्यापारी से ठगे 33 लाख रुपये
-
वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़कर दी फर्जी ट्रेडिंग ट्रेनिंग, फर्जी ऐप पर निवेश कराकर लगाया चूना
ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां खुद को भारतीय और अमेरिकी शेयर बाजार का विशेषज्ञ बताने वाले ठगों ने एक व्यापारी से 33 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने वॉट्सऐप के जरिए संपर्क कर पहले पीड़ित को शेयर ट्रेडिंग ग्रुप में जोड़ा और फिर फर्जी निवेश ऐप पर रजिस्ट्रेशन कराकर बड़ी रकम हड़प ली। मामले में साइबर थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में अतुल कुमार जैन ने बताया कि वह ग्रेटर नोएडा सेक्टर-16बी स्थित राधा स्काई गार्डन्स में रहते हैं। उनके अनुसार 28 अक्टूबर को उन्हें वॉट्सऐप पर एक मैसेज आया, जिसमें भेजने वाले ने अपना नाम नादिर वर्मा बताया और खुद को भारतीय व अमेरिकी शेयर बाजार का एक्सपर्ट बताया। इसके बाद ठग ने उन्हें “ई-एक्सीलेंट मार्केट स्ट्रैटेजी इंफॉर्मेशन” नाम के एक वॉट्सऐप ग्रुप में शामिल कर लिया, जिसमें करीब 200 सदस्य थे।
कुछ दिन बाद ठग ने दावा किया कि वह बड़े निवेशकों का एक विशेष क्लब चलाता है, जहां शेयर बाजार खुलने से पहले निवेश कर मुनाफा कमाया जाता है। पीड़ित को झांसे में लेकर 45 सदस्यों वाले एक अलग ग्रुप में जोड़ा गया और “पजेना इन्वेस्टमेंट” नाम के एक एप्लिकेशन पर रजिस्ट्रेशन कराया गया।
अतुल कुमार जैन ने अपने और पत्नी के नाम पर दो अकाउंट खोलकर 25 नवंबर से 9 दिसंबर के बीच नौ से अधिक बार में कुल 33 लाख रुपये निवेश कर दिए। ठगों ने भरोसा जीतने के लिए 12 दिसंबर को एक लाख रुपये की निकासी भी आसानी से करा दी। इसके बाद जब पीड़ित ने 14 दिसंबर को और रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने जवाब देना बंद कर दिया और संपर्क पूरी तरह तोड़ लिया।
ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनके आधार पर जांच की जा रही है। साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शेयर ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर आने वाले ऐसे मैसेज और ग्रुप से सावधान रहें।