1500 रुपये के लिए दोस्त ने सिर में पत्थर मारकर नाले में फेंका, व्यक्ति की मौत

Share your love
Mediawali news, noida
सूचना पर पहुंची फेज तीन थाने की पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

सेक्टर-64 में 1500 रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति के सिर में पत्थर मारने के बाद नाले में फेंक कर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची फेज तीन थाने की पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी ने गुरुवार सुबह 9 बजे जेब चेक किया तो रुपये गायब मिले। इसके बाद उसने अपने साथी से रुपये के बारे में पूछा और इसी बात पर दोनों में विवाद हो गया। आरोपी गुस्से में पास में पड़े पत्थर से व्यक्ति पर वार कर दिया और पास के नाले में धक्का दे दिया, जिसमें डूबने से उसकी मौत हो गई।

सेंट्रल नोएडा डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि सेक्टर-64 में गुरुवार दस बजे के करीब फेज तीन थाने की पुलिस को नाले में डेड बॉडी मिलने की सूचना मिली थी। पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकाला और उसे अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राहुल (35) के रूप में हुई है। आरोपी रविन्द्र पौड़ी गढ़वाल, उत्तराखंड निवासी है। वह खोड़ा कॉलोनी में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। घटना के दौरान रविंद्र और राहुल सेक्टर-64 फुटपाथ के पास थे। पुलिस के मुताबिक रविंद्र वहीं लेटा हुआ था। उसने अपनी जेब में हाथ डाला तो उसके 1500 रुपये गायब मिले। उसने राहुल से रुपये के बारे में पूछा तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान आरोपी रविंद्र ने पास में पड़ा पत्थर उठाकर राहुल के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से राहुल मौके पर ही तड़पने लगा। आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने घायल राहुल को पास के नाले में धकेल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। गुरुवार सुबह जब लोगों ने नाले में शव पड़ा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फॉरेंसिक टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी। दोनों युवक लंबे समय से इलाके में फुटपाथ पर रह रहे थे और मजदूरी करते थे। पुलिस मामले के सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

मृतक की पहचान नहीं हो पाई

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने मृतक का नाम राहुल बताया है। उसके पास से कोई दस्तावेज भी नहीं मिले हैं। वह छोटे-मोटे काम कर रुपये कमा लेता था। वह कहां रहता है, इसके बारे में पुलिस को जानकारी नहीं हो पाई। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार वह रोजाना सेक्टर-64 फुटपाथ पर ही सोता था। उसी के साथ रविंद्र भी चार से पांच महीने से रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के किराए वाले कमरे के बारे में जानकारी की तो पता चला कि वह कमरे पर बहुत कम जाता है।

व्यक्ति को नाले में फेंकते हुए लोगों ने देखा

पुलिस ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है। मृतक भी उसके साथ नशा करता था। घटना के दौरान कुछ लोगों ने उसे देख लिया और उससे इसके बारे में पूछा तो वह भागने लगा। बाद में पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। घायल को नाले से बाहर निकाला तो उसके सिर से खून निकल रहा था। आरोपी ने कई बार सिर में पत्थर से वार किए थे। उसे बेहोशी की हालत में नाले में धक्का दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us