सेंधमारी कर चोरी करने वाले दो बदमाश पकड़े

Share your love
Mediawali news


नई दिल्ली। मोती नगर थाना पुलिस ने घरों में सेंधमारी कर चोरी करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 38,600 रुपये नकद, चांदी की पायल, कांसे के बर्तन और अन्य घरेलू सामान बरामद किए हैं। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान राहुल (23) और फैजान अली (19) के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि इनकी गिरफ्तारी से चोरी की सात वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पिछले कुछ समय से मोती नगर और आसपास के इलाकों में घरों में सेंधमारी कर चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बदमाशों की तलाश के लिए एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी


जिला पुलिस उपायुक्त दराडे शरद भास्कर के मुताबिक, जांच के दौरान पुलिस को संदिग्ध युवकों के बारे में कुछ अहम सुराग मिले। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दो युवक इलाके में चोरी की वारदातों को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 7 मार्च को जाल बिछाकर राहुल और फैजान अली को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ की, तो उन्होंने कई चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके पास से चोरी की गई नकदी, चांदी की पायल, कांसे के बर्तन और अन्य घरेलू सामान बरामद किए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपी रात के समय बंद घरों को निशाना बनाते थे। वे पहले इलाके की रेकी करते और मौका मिलने पर घरों में सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन्होंने अन्य किन-किन जगहों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर आरोपियों से आगे भी पूछताछ की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us