स्कूटी सवार बदमाशों ने टैक्सी चालक से की लूट
Mediawali news
पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में स्कूटी सवार दो बदमाशों ने एक टैक्सी चालक को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि बदमाशों ने चालक को रास्ते में रोककर जबरन करीब 26 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
ओवरटेक कर रोका और की लूटपाट
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता बलबीर सिंह, जो न्यू अशोक नगर के निवासी हैं, प्लाजा मार्केट के पास टैक्सी स्टैंड चलाते हैं। रोज की तरह वह अपने घर से टैक्सी स्टैंड जा रहे थे। जब वह पर्यटन अपार्टमेंट के पास पहुंचे, तभी पीछे से एक स्कूटी पर सवार दो युवक आए और ओवरटेक करके उनकी गाड़ी को रोक लिया। इसके बाद दोनों बदमाशों ने उन्हें डराया-धमकाया और उनके पास रखे करीब 26 हजार रुपये छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी स्कूटी पर सवार होकर तेजी से मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से पूछताछ की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।