नोएडा सेक्टर-18 में ट्रांसफार्मर ब्लास्ट, दो लोग झुलसे; एक की हालत गंभीर

Share your love

Mediawali news, noida

होटल के सामने हुआ जोरदार धमाका

नोएडा के व्यस्त और पॉश माने जाने वाले सेक्टर-18 में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। होटल के सामने लगे बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई और कुछ ही सेकेंड में जोरदार धमाके के साथ वह फट गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय पास से गुजर रहे दो लोग इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।

पुलिस और फायर टीम ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही सेक्टर-20 थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के साथ ही घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि घायलों में एक व्यक्ति सेक्टर-44 का निवासी है, जबकि दूसरा हर्ष कुमार अशोक नगर, दिल्ली का रहने वाला है। दोनों पर ट्रांसफार्मर से निकला गर्म तेल गिर गया, जिससे उनके कपड़ों में आग लग गई और शरीर बुरी तरह झुलस गया। इनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

ओवरलोडिंग या तकनीकी खराबी की आशंका

बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। सेक्टर-18 बाजार और मॉल क्षेत्र होने के कारण यहां बिजली की खपत अधिक रहती है। ज्यादा लोड पड़ने से ट्रांसफार्मर के गर्म होकर फटने की संभावना रहती है। इसके अलावा ढीले कनेक्शन या तारों में खराबी से स्पार्किंग होकर आग लग सकती है। ट्रांसफार्मर में मौजूद कूलिंग ऑयल के लीकेज से भी आग भड़कने का खतरा रहता है। विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us