नोएडा में होटल से चल रहा था ठगी कॉल सेंटर, 46 लोगों को बनाया निशाना; सरगना अंकित फरार

Share your love
Mediawali news,Noida

सेक्टर-121 के होटल से ऑपरेट हो रहा था नेटवर्क

नोएडा के सेक्टर-121 स्थित एक होटल से इंश्योरेंस पॉलिसी मैच्योर और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का बड़ा खुलासा हुआ है। साइबर थाना पुलिस ने दो मोबाइल नंबरों से 46 लोगों को कॉल कर ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके साथ एक युवती भी पकड़ी गई थी, जिसे पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। गिरोह पिछले करीब एक साल से होटल बदल-बदलकर ठहरता और लोगों को झांसे में लेकर रकम म्यूल खातों में ट्रांसफर कराता था।

ऐसे जुड़े आरोपी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि फिरोजाबाद निवासी अमन कुमार और दिल्ली की रहने वाली युवती की मुलाकात एक दोस्त के जन्मदिन पर हुई थी। कुछ समय बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई। पैसों की जरूरत पड़ने पर अमन ने युवती की पहचान नोएडा निवासी अंकित से कराई। पुलिस के मुताबिक अंकित इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड है, जो नौकरी लगवाने और इंश्योरेंस पॉलिसी मैच्योर कराने के बहाने लोगों से ठगी करता था। युवती ने अपना मोबाइल कॉलिंग के लिए अमन को दिया और दोनों ने मिलकर लोगों को कॉल करना शुरू कर दिया।

30 प्रतिशत कमीशन पर करते थे काम

गिरोह का सरगना अंकित ही बैंक खाते उपलब्ध कराता था और खातों में जमा रकम खुद निकालता था। बदले में ठगी की रकम का 30 प्रतिशत हिस्सा अमन और युवती को दिया जाता था। पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल नंबर और सिम कार्ड भी अंकित ने ही उपलब्ध कराए थे। कुछ सिम इस्तेमाल के बाद तोड़कर फेंक दिए गए।

एनसीआरपी पोर्टल से मिला सुराग

एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मोबाइल नंबरों की लोकेशन ट्रेस की, जो नोएडा में एक्टिव मिली। जांच में एक नंबर से 31 और दूसरे से 15 कॉल की पुष्टि हुई। तकनीकी सर्विलांस में दोनों नंबर एक ही आईएमईआई पर चलते मिले। 23 फरवरी को पुलिस ने एफएनजी सर्विस रोड के पास स्थित होटल में दबिश देकर दोनों को कमरे से पकड़ा।

मुख्य आरोपी की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि गिरोह का मास्टरमाइंड अंकित फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने का दावा किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us