बांग्लादेश में 5.4 तीव्रता का भूकंप, कोलकाता सहित बंगाल के कई हिस्सों में हड़कंप

Share your love

दोपहर 1:20 बजे महसूस हुए झटके

शुक्रवार दोपहर करीब 1:20 बजे पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता समेत कई जिलों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.4 मापी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इसका केंद्र बांग्लादेश में था। अचानक आए झटकों से लोगों में दहशत फैल गई और वे एहतियातन घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए।

35 किलोमीटर गहराई में था केंद्र

समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक यूरोपीय भूमध्यसागरीय भूकंपीय केंद्र (ईएमएससी) ने बताया कि भूकंप की गहराई करीब 35 किलोमीटर थी। वहीं ढाका के अगरगांव स्थित बीएमडी भूकंपीय केंद्र ने भी 5.4 तीव्रता की पुष्टि की। झटकों का असर दक्षिण-पश्चिम बंगाल तक महसूस किया गया।

लोग घरों से बाहर भागे

कोलकाता से सामने आए वीडियो में लोग इमारतों से बाहर निकलते दिखे। एक स्थानीय निवासी ने बताया, “हम सोफे पर बैठे थे तभी अचानक झटके महसूस हुए। पंखा और सोफा हिलने लगे, टेबल पर रखी बोतल गिर गई। हम तुरंत नीचे की ओर भागे।” कई इलाकों में कुछ सेकंड तक कंपन महसूस किया गया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

फिलहाल नुकसान की सूचना नहीं

सोशल मीडिया पर भी लोगों ने भूकंप के अनुभव साझा किए। हालांकि अब तक किसी के हताहत होने या संपत्ति के बड़े नुकसान की खबर नहीं है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें तथा सतर्क रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us