ग्रेटर नोएडा: 6 दिन से लापता 5 साल के बच्चे का तालाब में मिला शव, परिवार में मचा कोहराम

Share your love

 

 

 

तालाब से जेसीबी की मदद से निकाला गया शव
ग्रेटर नोएडा के चिपयाना गांव में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 5 वर्षीय बच्चे का शव गांव के तालाब से बरामद किया गया। मृतक बच्चे की पहचान ईशु पुत्र इंद्रपाल के रूप में हुई है, जो पिछले छह दिनों से लापता था। शव को जेसीबी मशीन की मदद से तालाब से बाहर निकाला गया, जिसके बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी फैल गई।

खेलते समय हुआ था लापता
पुलिस के अनुसार, ईशु 18 फरवरी 2026 को कुत्ते वाले मंदिर के पास खेलते समय अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने उसी दिन बिसरख थाने में बच्चे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू की थी, लेकिन छह दिन बाद उसका शव मंदिर के सामने स्थित तालाब में मिला।

प्रारंभिक जांच में हादसा बताया गया
बिसरख थाना पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बच्चा खेलते हुए तालाब में गिर गया था। फिलहाल किसी प्रकार के आपराधिक कृत्य के कोई सबूत नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों की पुष्टि की जा सके।

परिवार में मातम, ग्रामीणों का आरोप
इस घटना के बाद मृतक बच्चे के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर तालाब की सफाई और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब के आसपास कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण पहले भी हादसे होते रहे हैं।

मौके पर पुलिस बल तैनात
घटना के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन से ग्रामीणों ने तालाब के चारों ओर सुरक्षा घेरा और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Ramesh Parihar
Ramesh Parihar
Articles: 10

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us