मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

ब्लैकमेलिंग से परेशान सातवीं की छात्रा ने की आत्महत्या, हंगामे के बाद चार पुलिस टीमें गठित

Tags: , ,
Mediawali news, noida

पुलिस पर समय पर कार्रवाई न करने का आरोप, एसीपी को दी गई शिकायत

नोएडा। सेक्टर-63 थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में 13 वर्षीय सातवीं कक्षा की छात्रा ने ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर शनिवार को आत्महत्या कर ली। आरोप है कि दूसरे धर्म से जुड़े कुछ युवकों ने छात्रा के अश्लील फोटो और वीडियो तैयार कर उसे लगातार ब्लैकमेल किया और वायरल करने की धमकी देकर संबंध बनाने का दबाव डाल रहे थे। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने पहले पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

घर में अकेली थी किशोरी, पंखे से लटका मिला शव

छात्रा का परिवार मूल रूप से महोबा का रहने वाला है और चार महीने पहले ही वह अपने माता-पिता के साथ सेक्टर-63 में रहने आई थी। परिजनों के अनुसार शनिवार को माता-पिता एक शादी समारोह में गए थे और भाई सुबह ड्यूटी पर चला गया था। किशोरी घर में अकेली थी। शाम को उसने भाई को सब्जी लाने के लिए फोन किया था। जब भाई रात करीब 9:45 बजे घर लौटा तो दरवाजा खुला मिला और बहन कमरे में पंखे से लटकी हुई थी। तुरंत कपड़ा काटकर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

डायरी में लिखी थी अपनी पीड़ा, ब्लैकमेलिंग का खुलासा

पुलिस को जांच के दौरान किशोरी की एक डायरी मिली है, जिसमें उसने अपनी परेशानी और आरोपियों द्वारा किए जा रहे ब्लैकमेलिंग का जिक्र किया था। परिवार का आरोप है कि पड़ोस के युवक ने छात्रा के फोटो और वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर रखे थे और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। भाई ने आरोपियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है।

हंगामे के बाद पुलिस ने गठित की चार टीमें

मामले की सूचना मिलने पर रविवार सुबह हिंदू संगठनों से जुड़े लोग सेक्टर-71 स्थित निजी अस्पताल के बाहर एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री कार्यालय के सामने आत्मदाह की चेतावनी भी दी। मौके पर पहुंचे एसीपी ने कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया।

दो नामजद आरोपी हिरासत में, जांच जारी

पीड़ित परिवार की शिकायत पर दो नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ की जा रही है। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा आरके गौतम ने बताया कि मामले की जांच के लिए चार टीमें गठित की गई हैं और सभी पहलुओं पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने न्याय की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios