मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

गौतम बुद्ध नगर में होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 4 नमूने जांच को भेजे

Mediawali news, गौतम बुद्ध नगर

आगामी होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग एक्शन मोड में है। जिलाधिकारी के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर नमूने एकत्र किए जा रहे हैं।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, रविन्द्र नाथ वर्मा एवं विजय बहादुर पटेल की टीम ने ऐच्छर मार्केट, ग्रेटर नोएडा स्थित श्याम ट्रेडर्स पर निरीक्षण किया। यहां हरि दर्शन ब्रांड रिफाइंड राइसब्रान कुकिंग ऑयल (15 किग्रा) के 21 रीयूज्ड टीनों में लगभग 315 किग्रा तेल पाया गया। इसमें से 1 नमूना जांच हेतु लिया गया तथा शेष 313 किग्रा तेल सीज कर दिया गया।

इसी प्रतिष्ठान पर गोपी ब्रांड रिफाइंड राइसब्रान तेल (1 लीटर) की 84 बोतलों पर बैच नंबर आदि विवरण अस्पष्ट पाए जाने पर 1 नमूना संग्रहित किया गया और शेष लगभग 80 लीटर तेल सीज कर दिया गया।

इसके अतिरिक्त, टीम ने अल्फा-2, ग्रेटर नोएडा स्थित अल्बर्ट पिंटू रेस्टोरेंट से पनीर का 1 नमूना लिया। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओ.पी. सिंह एवं एस.के. पांडेय की टीम ने छलेरा, सेक्टर-44 स्थित चौधरी फूड प्लाजा से रसगुल्ले का 1 नमूना संग्रहित किया तथा लगभग 10 किग्रा प्रदूषित रसगुल्ले को मौके पर ही नष्ट कराया।

इस प्रकार कुल 4 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि आगे भी इसी प्रकार सघन अभियान जारी रहेगा, ताकि जनपदवासियों को मानकों के अनुरूप सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios