नोएडा में कुट्टू आटा खाने से 70 लोग बीमार, दुकान और गोदाम सील; 4 हिरासत में

Share your love

Noida news

 महाशिवरात्रि पर व्रत के भोजन से बिगड़ी लोगों की तबीयत

नोएडा। थाना बिसरख पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने कुट्टू का आटा बेचने वाली एक दुकान और उसके गोदाम को सील कर दिया है। महाशिवरात्रि पर कुट्टू के आटे से बने भोजन का सेवन करने के बाद करीब 70 से अधिक लोग बीमार हो गए थे। प्रभावित लोग सुपरटेक इकोविलेज-3, रॉयल कोर्ट और हिमालय प्राइड सोसायटी के निवासी हैं।

बीमार लोगों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं। कई लोगों को उल्टी, पेट दर्द, चक्कर और दस्त जैसी शिकायतें हुईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

 एक ही दुकान से खरीदा गया था कुट्टू का आटा

जांच में सामने आया कि सभी प्रभावित लोगों ने कुट्टू का आटा एक ही दुकान से खरीदा था। इसके बाद खाद्य विभाग और पुलिस ने सोमवार को दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की और आटे के सैंपल लेकर जांच शुरू की।

 दुकान और गोदाम सील, 4 लोग हिरासत में

संयुक्त जांच टीम ने रॉयल कोर्ट सोसायटी स्थित प्रशांत जनरल स्टोर को सील कर दिया। जांच में पाया गया कि विवादित कुट्टू का आटा चिपियाना बुजुर्ग गांव स्थित HD Spices के गोदाम से सप्लाई हुआ था। अनियमितता मिलने पर गोदाम को भी सील कर दिया गया।

पुलिस ने गोदाम मालिक समेत कुल चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य दुकानों से भी सैंपल लेकर जांच की जा रही है।

 एफआईआर दर्ज, सख्त कार्रवाई की चेतावनी

खाद्य विभाग अधिकारी की शिकायत पर थाना बिसरख पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ बीएनएस की धारा 275 और फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट 2006 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
अधिकारियों ने कहा कि अगर आटा मिलावटी या खराब गुणवत्ता का पाया गया तो आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 मरीजों की हालत स्थिर

डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश मरीजों की हालत अब स्थिर है और धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। कुछ मरीजों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।

 प्रशासन की अपील

पुलिस और खाद्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे केवल पैकेज्ड और प्रमाणित कुट्टू का आटा ही खरीदें, खासकर त्योहारों के दौरान। किसी भी संदिग्ध खाद्य पदार्थ की सूचना तुरंत प्रशासन को देने को कहा गया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us