नोएडा में सफाई व्यवस्था बेपटरी, फुटपाथ से लेकर सेक्टरों तक फैली गंदगी से लोग परेशान
Noida news
नोएडा: नोएडा प्राधिकरण में हाल ही में हुए प्रशासनिक फेरबदल के बाद शहर की सफाई व्यवस्था पटरी से उतरती नजर आ रही है। सेक्टर-73 के फुटपाथ से लेकर सेक्टर-51 केंद्रीय विहार सहित कई इलाकों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंदगी और दुर्गंध के कारण राहगीरों का निकलना मुश्किल हो गया है और संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
सेक्टर-51 केंद्रीय विहार आरडब्ल्यूए के सचिव शरद जैन ने बताया कि इलाके में नियमित रूप से सफाई नहीं हो रही है। नालों से निकली गंदगी लंबे समय तक सड़कों पर पड़ी रहती है, जिससे मच्छर और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों में स्थिति और खराब हो गई है और कई जगहों पर सफाई कर्मी नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र में चल रही मीट शॉप को हटाने की मांग भी की, क्योंकि इससे आसपास गंदगी और दुर्गंध फैल रही है।
सेक्टर-73 में फुटपाथ पर कूड़े का अंबार लगा हुआ है, जिससे पैदल चलने वालों को सड़क पर उतरकर चलना पड़ रहा है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। इस रास्ते से सेक्टर-112, 113, 121, 122, 120, 71, 74 सहित कई सेक्टरों के हजारों लोग रोजाना गुजरते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में नोएडा प्राधिकरण में हुए फेरबदल के बाद स्वास्थ्य विभाग को हटाकर वर्क सर्कल को सफाई की जिम्मेदारी दी गई है, लेकिन व्यवस्था सही से लागू नहीं हो सकी है। सफाई कर्मचारियों की लापरवाही के चलते शहर में गंदगी बढ़ती जा रही है।
निवासियों ने प्राधिकरण से जल्द व्यवस्था सुधारने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है।