नोएडा में एमएसएमई सेक्टर का तेजी से विस्तार, 73 नई इकाइयों से 2970 करोड़ का निवेश प्रस्तावित

Share your love

Noida news

नोएडा: जिले में एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग) सेक्टर का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। वर्ष 2026 में जिले में 73 नई एमएसएमई इकाइयों के माध्यम से करीब 2970 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इस निवेश से लगभग 15 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की उम्मीद है। प्रशासनिक स्तर पर इन इकाइयों को जमीन आवंटन की प्रक्रिया भी लगभग पूरी कर ली गई है, जिससे उद्योग स्थापित करने का रास्ता साफ हो गया है।

जिला उद्योग अधिकारी के अनुसार, जिले में एमएसएमई सेक्टर लगातार विस्तार की दिशा में आगे बढ़ रहा है। नए निवेश से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी। खास तौर पर मैन्युफैक्चरिंग, पैकेजिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, फूड प्रोसेसिंग और सर्विस सेक्टर से जुड़ी इकाइयों के आने की संभावना है। इन 73 इकाइयों ने यूपी ट्रेड शो के दौरान एमएसएमई मंत्रालय के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए थे और उम्मीद जताई जा रही है कि इसी वर्ष इनमें से अधिकांश इकाइयां शुरू हो जाएंगी।

बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर निवेशकों को कर रहा आकर्षित

अधिकारियों का कहना है कि नोएडा में सरकार द्वारा विकसित बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और दिल्ली, गुरुग्राम, गाजियाबाद सहित एनसीआर के अन्य शहरों से मजबूत कनेक्टिविटी निवेशकों को आकर्षित कर रही है। इसके अलावा, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से निवेश के नए अवसर खुलेंगे और जिले की औद्योगिक पहचान और मजबूत होगी।

पांच वर्षों में 1.68 लाख से अधिक उद्योग पंजीकृत

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में जिले में 1.68 लाख से अधिक उद्योग पंजीकृत हुए हैं, जिनसे करीब 18 लाख लोगों को रोजगार मिला है। 2021-22 में जहां 20,632 उद्योग पंजीकृत हुए थे, वहीं 2025-26 में यह संख्या बढ़कर 49,070 तक पहुंच गई है।

जिला उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण ने कहा कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी और एयरपोर्ट परियोजना के कारण उद्यमी तेजी से एमएसएमई सेक्टर में निवेश की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे नोएडा प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us