बिल्हौर में निकली भूत-भावन भोलेनाथ की दिव्य शिवबारात
Kanpur news
कानपुर बिल्हौर — महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर बिल्हौर नगर में रविवार को भूत-भावन भगवान भोलेनाथ की भव्य शिवबारात पूरे धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के साथ निकाली गई। शिवभक्तों की भारी भीड़ के बीच नगर का वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया। हर ओर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारे गूंजते रहे। ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्ति गीतों के बीच शिवबारात नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकाली गई, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
शनि धाम से हुई बारात की शुरुआत
शिवबारात की शुरुआत त्रिवेणीगंज स्थित शनि धाम से लगभग 11:30 बजे हुई। यहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद बारात नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई। बारात विजलेश्वर मंदिर, नगरपालिका चौराहा, नेहरू पार्क, कटरा बाजार से होते हुए सुभानपुर स्थित शिवाला मंदिर तक पहुंची।
इस धार्मिक आयोजन को लेकर ओंकारेश्वर युवा सेवा समिति द्वारा बीते दो सप्ताह से जोर-शोर से तैयारियां की जा रही थीं। समिति पिछले 14 वर्षों से लगातार इस दिव्य परंपरा का निर्वहन कर रही है।
पालिका चौराहे पर हुआ शिव-पार्वती विवाह
महाशिवरात्रि पर्व को भगवान शिव और मां पार्वती के दिव्य विवाह का प्रतीक माना जाता है। इसी परंपरा के तहत नगरपालिका चौराहे पर शिव-पार्वती विवाह कार्यक्रम संपन्न कराया गया।
यहां विधायक मोहित सोनकर ‘राहुल बच्चा’, सांसद प्रतिनिधि रवि बाजपेई, एसडीएम डॉ. संजीव दीक्षित, एसीपी मंजय सिंह तथा कोतवाल सुधीर कुमार ने भगवान शिव और मां पार्वती की आरती कर श्रद्धा अर्पित की। इसके बाद कलाकारों द्वारा शिव-पार्वती के रूप में विवाह की रस्में पूरी की गईं। जयमाल, अग्नि फेरे और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह संपन्न होते ही पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।
देवी-देवताओं की झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
शिवबारात में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे। बारात में शिव-पार्वती, हनुमान, गणेश, राधा-कृष्ण सहित अनेक देवी-देवताओं की झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। वहीं भूत-पिशाच के रूप में सजे कलाकारों ने भी लोगों का खूब ध्यान खींचा।
ढोल-नगाड़ों की थाप पर बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। शिवभक्ति के रंग में डूबा नगर देर शाम तक आस्था के सागर में सराबोर रहा। लगभग 4:30 बजे बारात सुभानपुर स्थित शिवाला मंदिर पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
शिवबारात को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया था। एसडीएम डॉ. संजीव दीक्षित, एसीपी मंजय सिंह, नायब तहसीलदार सीपी राजपूत तथा कोतवाल सुधीर कुमार के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था लगातार मॉनिटर की जाती रही।
वहीं श्रद्धालुओं के लिए कई स्थानों पर जलपान की व्यवस्था भी की गई थी।
सुबह 10 से शाम 5 बजे तक लागू रहा डायवर्जन
शिवबारात के मद्देनजर रविवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नगर में यातायात डायवर्जन लागू किया गया। कानपुर और कन्नौज की ओर जाने वाले वाहनों को नगर में प्रवेश नहीं दिया गया। सभी छोटे-बड़े वाहन बाईपास से होकर निकाले गए।
ककवन व रसूलाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहन मकनपुर-बिषधन मार्ग से भेजे गए। वहीं छोटे वाहनों को बरौली मार्ग, चंडाली, घिमऊ मार्ग और बीबीपुर क्रासिंग से सीएचसी मार्ग होकर निकाला गया। यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन जगह-जगह मौजूद रहा।
महाशिवरात्रि पर निकली इस दिव्य शिवबारात ने पूरे नगर को शिवभक्ति के रंग में रंग दिया और श्रद्धालुओं के लिए यह पर्व अविस्मरणीय बन गया।